IMD ने जारी किया अलर्ट, फिर बढ़ेगा कोहरे और ठंड का प्रकोप.. आज दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना
1 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
Weather Update: दिल्ली और एनसीआर के लोगों को एक बार फिर मौसम के बदले मिजाज का सामना करना पड़ सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 1 फरवरी को क्षेत्र में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के आसार हैं. इसे देखते हुए IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग का कहना है कि इस बारिश से ठंड और बढ़ सकती है. कई दिनों से ठंडी सुबह और घने कोहरे के बाद शनिवार रात से मौसम में बदलाव आने की संभावना है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और इसके बाद बारिश व धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं. यह बदलाव उत्तर भारत को प्रभावित कर रहे पश्चिमी विक्षोभों की असामान्य श्रृंखला के कारण हो रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार, 1 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी का खतरा भी रहेगा. IMD ने मौसम में इस बदलाव की वजह लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों को बताया है. 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच आने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी करा सकते हैं. इसके अलावा 5 से 7 फरवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उत्तर भारत में अस्थिर मौसम की स्थिति और लंबी खिंच सकती है.
सुबह के समय घना कोहरा बना रह सकता है
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लगातार आ रहे ऐसे पश्चिमी विक्षोभ सामान्य नहीं होते और इनके चलते फरवरी की शुरुआत तक सर्दी का असर बना रह सकता है. शनिवार को दिल्ली में एक बार फिर ठंडी और कोहरे भरी सुबह देखने को मिली. कई इलाकों में दृश्यता कम रही और न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 1 फरवरी तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा बना रह सकता है.
बारिश से ठंड और बढ़ सकती है
दिल्ली में पहले कोहरा और बादल छाए रहने के बाद बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 6 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. IMD ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि कोहरे और बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में उड़ानों और ट्रेनों में देरी हो सकती है. वहीं, गीली सड़कों और कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों को सावधानी से ड्राइव करने की हिदायत दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अलर्ट पर नजर रखें और बाहर की गतिविधियों की योजना सोच-समझकर बनाएं, क्योंकि बारिश से ठंड और बढ़ सकती है.