Weather Updates: आने वाले दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 2 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा, जिसका असर पंजाब और हरियाणा में भी दिखेगा. 7 मई तक इन राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान 2, 3, 6 और 7 मई को कुछ जगहों पर, जबकि 4 और 5 मई को कई इलाकों में बारिश हो सकती है. अगले 48 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, लेकिन इसके बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ सकती है.
मौसम विभाग ने इस अवधि में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी है. पिछले 24 घंटे में हरियाणा के रोहतक में सबसे ज्यादा तापमान 40.8°C में दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 39.5°C रहा. कई जगहों पर हरियाणा में यह तापमान सामान्य से 4.8°C और पंजाब में 4.9°C तक कम भी रहा. IMD के अनुसार, दोनों राज्यों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं भी देखी गईं. हरियाणा में कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी खबरें मिली हैं. मार्च- अप्रैल के दौरान दोनों राज्यों में बारिश सामान्य से ज्यादा रही है. इस अवधि में हरियाणा में 29 फीसदी और पंजाब में 19 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है.
हरियाणा के जिलों में कम बारिश हुई
हालांकि, कुछ जिलों में बारिश कम भी रही है. हरियाणा के अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, सोनीपत और यमुनानगर जैसे जिलों में बारिश की कमी दर्ज की गई है. वहीं पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मानसा, मुक्तसर और पटियाला जिलों में भी कम बारिश हुई है.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस समय कश्मीर और उसके आसपास मध्य वायुमंडलीय स्तर पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके अलावा ईरान के ऊपर भी एक और पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. साथ ही निचले वायुमंडल में उत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) भी मौजूद है, जिसका असर मौसम पर पड़ रहा है.
- बारिश से भारी तबाही.. खंभे उखड़े-सड़कें धंसी और 10 लोगों की मौत, नोएडा-गाजियाबाद में अलर्ट
- आग लगाने से 700 एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, पूर्व CM ने की मुआवजे की मांग
- प्याज पैदावार में 29 फीसदी गिरावट की आशंका, रकबा भी हुआ कम.. बारिश से फसल चौपट
- UP में किसानों से होगी 20 लाख टन आलू की खरीद, सरकार से मिली मंजूरी.. इतने रुपये क्विंटल होगा रेट
जम्मू-कश्मीर में 2 से 5 मई के बीच कई जगहों पर होगी बारिश
इन मौसम प्रणालियों के असर से जम्मू-कश्मीर में 2 से 5 मई के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 7 मई के बीच इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है. IMD के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 3 मई को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 और 4 मई को अलग-अलग स्थानों पर ओले गिरने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.