Tomato Mandi Rate: ग्राहकों को बड़ी राहत! टमाटर की कीमतों में गिरावट.. 10 रुपये किलो रेट

तमिलनाडु के इरोड में टमाटर की थोक कीमत घटकर 7-10 रुपये प्रति किलो रह गई है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और स्थानीय क्षेत्रों से आवक बढ़ने के कारण दाम गिरे हैं. खुदरा बाजार में भी टमाटर 15-25 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. हालांकि, अल नीनो के असर से भविष्य में कीमतें फिर बढ़ने की आशंका जताई गई है.

नोएडा | Published: 10 Jul, 2026 | 12:07 PM

Tomato Price Fall: तमिलनाडु में टमाटर की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है. इरोड की थोक मंडी में गुरुवार को टमाटर का भाव घटकर 10 रुपये प्रति किलो रह गया. पिछले कई हफ्तों से टमाटर महंगा बिक रहा था, लेकिन अब आवक बढ़ने से कीमतों में तेजी से कमी आई है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली है. इरोड के नेताजी डेली वेजिटेबल एंड फ्रूट मार्केट के व्यापारियों के अनुसार, आंध्र प्रदेश से टमाटर की आवक पिछले कुछ दिनों के 2-3 टन से बढ़कर 5 टन प्रतिदिन हो गई है. इसके अलावा थालावाडी, धर्मपुरी और कर्नाटक से भी बड़ी मात्रा में टमाटर मंडी में पहुंच रहा है.

व्यापारियों का कहना है कि उत्पादन वाले क्षेत्रों में नई फसल की कटाई शुरू होने से बाजार में टमाटर की आपूर्ति  बढ़ गई है. इसी वजह से थोक बाजार में कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है. उनका मानना है कि यदि आवक इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में टमाटर के दाम और स्थिर रह सकते हैं. व्यापारियों के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में थोक बाजार में टमाटर करीब 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, लेकिन गुरुवार को इसका भाव घटकर 7 से 10 रुपये प्रति किलो रह गया. खुदरा बाजार में भी कीमतें कम होकर 15 से 25 रुपये प्रति किलो पर आ गई हैं.  जून महीने में टमाटर की खुदरा कीमत 25 से 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, लेकिन स्थानीय फसल और पड़ोसी राज्यों से आवक बढ़ने के कारण अब दाम में काफी नरमी आई है.

250 रुपये में बिक रही 25 किलो वाली पेटी

थोक बाजार में 25 किलो टमाटर की एक पेटी अधिकतम 250 रुपये में बिक रही है. हालांकि, अचानक आवक बढ़ने और मांग कम रहने से कई व्यापारियों को बिना बिके टमाटर फेंकने भी पड़े, क्योंकि टमाटर ज्यादा समय तक खराब हुए बिना नहीं रखा जा सकता. व्यापारियों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में टमाटर की आवक और बढ़ सकती है, जिससे कीमतों पर दबाव बना रहेगा. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि अल नीनो के कारण मानसून कमजोर रहता है और बारिश सामान्य से कम होती है, तो फसल प्रभावित हो सकती है. ऐसे में आने वाले समय में टमाटर की कीमतें फिर से बढ़ सकती हैं.

कोयंबटूर में भी सस्ता हुआ टमाटर

वहीं, कोयंबटूर में भी टमाटर की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. जिले और पड़ोसी राज्यों से टमाटर की आवक बढ़ने के कारण थोक बाजार में भाव घटकर 15 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं. व्यापारियों का कहना है कि यह गिरावट फिलहाल अस्थायी है. उनका अनुमान है कि अगले 15 से 20 दिनों में आपूर्ति सामान्य होने पर टमाटर के दाम फिर बढ़ सकते हैं. कोयंबटूर जिला ऑल वेजिटेबल मार्केट होलसेल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्रन ने कहा था कि मई और जून में खुदरा बाजार में टमाटर के दाम 25 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे. हालांकि, स्थानीय उत्पादन बढ़ने और होसुर व कर्नाटक से अधिक मात्रा में टमाटर आने के कारण अब कीमतों में गिरावट आ गई है.

Topics: