अब फसल बर्बादी की No टेंशन! सोलर क्रॉप ड्रायर पर सरकार दे रही 1.4 लाख रुपये तक की सब्सिडी, जानें

Bihar Government Schemes: बिहार सरकार ने किसानों के लिए सोलर क्रॉप ड्रायर योजना शुरू की है. अब टमाटर, मिर्च, प्याज जैसी जल्दी खराब होने वाली फसलें सुरक्षित सुखाई जा सकती हैं. योजना में किसानों को ₹1,40,000 तक का अनुदान मिलेगा और फसल के नुकसान को सिर्फ 10-15% तक सीमित किया जा सकेगा. इसे लगाने से किसान अपनी फसल की गुणवत्ता बढ़ाकर बाजार में अच्छे दाम में बेच सकते हैं.

नोएडा | Updated On: 3 Feb, 2026 | 12:33 PM

Solar Crop Dryer Scheme: देश के किसानों के सामने सबसे बड़ी परेशानी कटाई के बाद फसलों को सुरक्षित रखना है. खासकर टमाटर, मिर्च, प्याज जैसी कम शेल्फ लाइफ वाली फसलें जल्दी खराब हो जाती हैं. सही भंडारण की सुविधा न होने के कारण किसान मजबूरी में अपनी मेहनत की उपज सस्ते दामों पर बेच देते हैं. किसानों की इसी समस्या को समझते हुए बिहार सरकार ने एक अहम कदम उठाया है, जिससे किसानों को बड़ा फायदा मिल सकता है.

सोलर क्रॉप ड्रायर पर बिहार सरकार की बड़ी पहल

बिहार सरकार के कृषि विभाग के अंतर्गत हॉर्टिकल्चर विभाग ने कम समय में खराब होने वाली फसलों को सुरक्षित रखने के लिए सोलर क्रॉप ड्रायर योजना शुरू की है. इस योजना के तहत किसानों को सोलर क्रॉप ड्रायर लगाने पर सरकार की ओर से भारी अनुदान दिया जा रहा है. इससे किसान अपनी फसलों को धूप, धूल और मौसम की मार से बचाकर सुरक्षित तरीके से सुखा सकेंगे.

पारंपरिक तरीके से कैसे होता है नुकसान?

अभी तक ज्यादातर किसान फसलों को खुले में धूप में सुखाते हैं. इस दौरान बारिश, तेज हवा, धूल-मिट्टी और जानवरों से फसल खराब होने का खतरा बना रहता है. अनुमान के मुताबिक इस प्रोसेस में 35 से 40 फीसदी तक फसल बर्बाद हो जाती है. वहीं सोलर क्रॉप ड्रायर में फसल एक बंद और सुरक्षित चैंबर में सुखाई जाती है, जिससे नुकसान घटकर सिर्फ 10 से 15 फीसदी तक रह जाता है.

सोलर क्रॉप ड्रायर पर बिहार सरकार की सब्सिडी

सोलर क्रॉप ड्रायर के फायदे

सोलर क्रॉप ड्रायर से फसल सुखाने पर उसके पोषक तत्व बने रहते हैं. रंग, स्वाद और गुणवत्ता में भी सुधार होता है. अच्छी क्वालिटी की वजह से किसान अपनी उपज को बाजार में बेहतर दाम पर बेच पाते हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें बिजली की जरूरत नहीं होती, क्योंकि यह पूरी तरह सौर ऊर्जा पर आधारित है. इससे किसानों का खर्च भी कम होता है और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचता.

किन फसलों के लिए है उपयोगी?

यह सोलर क्रॉप ड्रायर कई तरह की फसलों के लिए फायदेमंद है. इसमें टमाटर, मिर्च, प्याज, फूलगोभी, पत्ता गोभी, करेला, अंजीर, हल्दी, मशरूम जैसी फसलों को आसानी से सुखाया जा सकता है. इन फसलों को सुखाकर किसान लंबे समय तक स्टोर कर सकते हैं और जरूरत के समय बाजार में बेच सकते हैं.

कितना मिल रहा है अनुदान?

बिहार सरकार इस योजना के तहत किसानों को रुपये 1,40,000 तक का अनुदान दे रही है. यह जानकारी खुद हॉर्टिकल्चर विभाग, बिहार सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है. अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है.

आवेदन कैसे करें?

इस योजना का लाभ लेने के लिए बिहार के किसान हॉर्टिकल्चर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट horticulture.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. सबसे पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रोसे पूरी करनी होगी.

सोलर क्रॉप ड्रायर के लिए आवेदन कैसे करें

जरूरी दस्तावेज कौन-कौन से?

आवेदन करते समय किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. इसमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी और मोबाइल नंबर शामिल हैं. आवेदन के बाद संबंधित विभाग इसकी जांच करेगा. यूनिट लगने के बाद विकासखंड अधिकारी सत्यापन करेंगे और फिर अनुदान की राशि किसान के खाते में भेज दी जाएगी.

किसानों के लिए सुनहरा मौका

कुल मिलाकर सोलर क्रॉप ड्रायर योजना किसानों के लिए एक बेहतरीन अवसर है. इससे न सिर्फ फसल की बर्बादी रुकेगी, बल्कि किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी. अगर आप भी टमाटर, मिर्च या अन्य सब्जियों की खेती करते हैं, तो यह योजना आपके लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है.

Published: 3 Feb, 2026 | 12:25 PM

Topics: