मध्य प्रदेश ने बीते सप्ताह तीन दिनों तक किसानों ने राजधानी भोपाल में डेरा डाल दिया, जिसके बाद घुटनों पर आई सरकार ने किसानों की मांगें मान लीं. किसानों से किए गए सरकार के वादे के बाद भी कई जिलों में तय मात्रा में मूंग खरीद नहीं किए जाने से किसानों में नाराजगी है. किसान महापंचायत के मध्य प्रदेश अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने भोपाल में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना को स्थिति के बारे में अवगत कराया और किए गए वादा पूरा करने की मांग की है. इसके बाद कृषि मंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को मूंग खरीद के अलावा बायोमेट्रिक आदि के संबंध में आदेश जारी किए हैं.
सरकार के वादा पूरा नहीं करने पर नाराज किसान
किसान महापंचायत के मध्य प्रदेश अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने किसान इंडिया को बताया कि किसानों के भोपाल में आदोलन किए जाने के बाद राज्य सरकार ने प्रति एकड़ 3 क्विंटल खरीद करने का वादा किया और प्रदेश भर में मूंग की कुल खरीद 60 फीसदी तक करने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि रायसेन समेत कई जिलों में अभी भी वादे को पूरा नहीं किया गया है और खरीद केंद्रों पर किसानों की मूंग खरीद नहीं की जा रही है, जहां खरीद हो भी रही है वहां कम मात्रा में खरीद की जा रही है.
मूंग खरीद में केंद्रों की मनमानी तत्काल बंद हो
किसान नेता ने कहा कि रायसेन जिले में मूंग खरीदी एक किसानों से 2 क्विंटल 883 किलो प्रति एकड़ ही की जा रही है, जबकि नियम के अनुसार 3 क्विंटल खरीद की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि रायसेन जिले के साथ मूंग खरीद में भेदभाव किया जा रहा है. जबकि, हरदा और सीहोर जिलों में किसानों से 3 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीद की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस भेदभाव को तुरंत खत्म किया जाए सभी केंद्रों पर समान रूप से खरीद प्रक्रिया चलाई जाए.
खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग
राजेश धाकड़ ने कहा कि रायसेन जिले में 20 खरीद केंद्रों की संख्या को बढ़ाया जाए, ताकि किसानों को लंबी लाइन में लगने से मुक्ति मिले और ट्रैक्टर खड़े होने से जाम की स्थिति पर रोक लगाई जा सके. उन्होंने कहा कि खरीद केंद्र कम होने से किसानों की संख्या केंद्र पर बढ़ जाती है इसके साथ ही 500 से भी ज्यादा ट्रैक्टर एक खरीद केंद्र पहुंच जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है, जो किसानों के साथ ही राहगीर और आसपास के लोगों के लिए दिक्कत पैदा करती है.

राजेश धाकड़ समेत अन्य किसान नेताओं ने कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना से मुलाकात की.
थंब हटाकर ओटीपी बिलिंग कराई जाए
राजेश धाकड़ ने बताया कि खरीद केंद्रों पर अपनी मूंग उपज बेचने पहुंच रहे किसानों को मूंग बिलिंग प्रक्रिया के लिए अभी भी बायोमीट्रिक का इस्तेमाल किया जा रहा है. जबकि, सरकार ने वादा किया है कि इसे हटाकर मैनुअल या ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा. किसान नेता ने कृषि मंत्री से कहा कि मूंग बिलिंग के लिए ओटीपी का इस्तेमाल कराया जाए. थंब की प्रक्रिया हटाई जाए. किसान नेता ने कहा कि मूंग की उपज धरम कांटे से तौल करायी जाय, जिससे जल्द से जल्द मूंग तुलाई हो जाए.
राजेश धाकड़ समेत अन्य किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की शिकायतों और मांगों के बाद मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने सभी जिलों में मूंग खरीद समान रूप से करने के निर्देश दिए हैं.