Rose Farming Tips: गुलाब का पौधा हर किसी के बगीचे की शान होता है. वैसे तो गुलाब मार्च-अप्रैल में फूल देता है, लेकिन कुछ किस्में गर्मियों की शुरुआत तक भी फूल देती हैं. लेकिन फूलों की भरमार के लिए पौधे की सही देखभाल बेहद जरूरी है. NHRDF के डॉ. रजनीश मिश्रा, संयुक्त निदेशक (बागवानी) के अनुसार, अगर आपका गुलाब हरा-भरा है और पत्तियां स्वस्थ हैं, लेकिन कलियां नहीं आ रही हैं, तो इसका मतलब है कि पौधे को पर्याप्त धूप, पोषण या सही छंटाई नहीं मिल रही है.
पर्याप्त धूप और सही जगह
डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसाप गुलाब के पौधे को रोज कम से कम 5-6 घंटे की सीधी धूप चाहिए. यदि पौधा छाया में है, तो उसमें पत्तियां तो आएंगी, लेकिन कलियां कम होंगी या बिल्कुल नहीं आएंगी. इसके अलावा सूखी, बीमार या अंदर की ओर बढ़ रही टहनियों को काट दें. फूल झड़ने के बाद, डंडी को उसके नीचे 4-5 पत्तियों के ऊपर हल्का काटें. इससे उसी स्थान से नई शाखा और कलियां निकलने लगती हैं.
गुलाब को रोज थोड़ा पानी देने की बजाय, 2-3 दिन में गहराई तक पानी दें. मिट्टी तभी पानी दें जब यह सूखी लगे. गमले में पानी जमा न होने दें, अन्यथा जड़ सड़ सकती है. हर 20-25 दिन में मिट्टी को हल्का-सा कुरेदें ताकि हवा जड़ों तक पहुंच सके. अगर पौधा बड़ा हो गया है और गमला छोटा है, तो बड़े गमले में रीपॉटिंग करना चाहिए.
- गेहूं कटाई के बाद खाली खेत में करें इस फसल की खेती, 2 महीने में 50 हजार रुपये एकड़ तक हो सकती है कमाई!
- भारत के इस शहर को कहतें हैं ‘ऑरेंज कैपिटल ऑफ इंडिया’, जानें क्यों दुनिया भर में मशहूर हैं यहां के संतरे
- गेहूं किसान ध्यान दें! MSP का चाहिए फायदा तो 7 मार्च से पहले करें ये काम, 2,585 रुपये क्विंटल पर खरीदेगी सरकार
कीट नियंत्रण और पौधे की सुरक्षा
यदि पत्तियों के नीचे छोटे कीड़े (एफिड) दिखें, तो 5 मिली नीम तेल को 1 लीटर पानी में मिलाकर स्प्रे करें. सप्ताह में एक बार छिड़काव करना पर्याप्त है. इसके अलावा पौधे को स्वस्थ रखने के लिए हर 15 दिन में खाद दें. गोबर की सड़ी खाद, वर्मी कम्पोस्ट, सरसों खली का घोल या सूखे केले के छिलके का पाउडर मिट्टी में मिलाएं. गुलाब को संतुलित पोषक तत्व चाहिए. 10:26:26 (N:P:K) जैसे उर्वरक में फॉस्फोरस और पोटाश अधिक होने से कलियां और फूल ज्यादा आते हैं.
केवल नाइट्रोजन देने से पत्तियां बढ़ती हैं, लेकिन फूल कम आते हैं. इसके अलावा, माइक्रोन्यूट्रिएंट मिक्स को 1-2 ग्राम प्रति लीटर पानी में घोलकर पत्तियों पर 15 दिन में एक बार छिड़काव करें. इससे पत्तियों का पीलापन दूर होगा और नई कलियां आएंगी.
नए पौधे और सही देखभाल
अब गुलाब का नया पौधा लगाने का भी सही समय है. अधिक फूल देने वाली किस्में चुनें. सबसे खास बात, पौधे को कीट और छोटे कीड़ों से बचाना जरूरी है. थोड़ी सी मेहनत और सही देखभाल से आपके गुलाब के पौधे जल्द ही खूबसूरत फूल देने लगेंगे. इस तरीके से आप अपने बगीचे में हरे-भरे और फूलों से लबालब गुलाब के पौधे का आनंद आसानी से ले सकते हैं.