एक हजार रुपये खर्च कर किसानों को मिलेंगे 40 हजार रुपये, सरकार की खास योजना का लाभ उठायें किसान 

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने बागवानी बीमा योजना के तहत किसानों को लाभ देने के निर्देश दिए हैं. योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण, बागवानी और अधिक मूल्य वाली फलों की फसलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया. इसके साथ ही क्लस्टर आधारित खेती के मॉडल विकसित करने को कहा है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Published: 3 Apr, 2026 | 01:28 PM

हरियाणा सरकार ने सब्जी, फल और मसालों की खेती करने वाले किसानों को बागवानी बीमा योजना का लाभ देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही किसानों की बीमा राशि को लेकर शिकायतों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए हैं. योजना के तहत 1000 रुपये बीमा किस्त जमा करके किसानों को 40 हजार रुपये तक भुगतान राशि देने का प्रावधान किया गया है.  योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया बागवानी और उद्यान विभाग की ओर से शुरू कर दी गई है.

बागवानी बीमा योजना से जुड़े किसानों की शिकायतें दूर होंगी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को समीक्षा बैठक में कहा कि बागवानी क्षेत्र को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना (MBBY) के लागू होने की स्थितियों और किसानों तक पहुंचाए जा रहे लाभ को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि बीमा राशि के भुगतान संबंधी किसानों की शिकायतों को तुरंत दूर किया जाए.

नींबू-अमरूद और ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए क्लस्टर बनेंगे

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के कारण बागवानी फसलों को होने वाले नुकसान के खिलाफ आर्थिक सुरक्षा देती है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इसका लाभ उठा सकें. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बड़े पैमाने पर फलों की खेती को बढ़ावा देने और स्ट्रॉबेरी, नींबू, अमरूद और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों के क्लस्टर बनाने के लिए क्षेत्रों की पहचान करने को कहा है.

46 बागवानी-सब्जी और मसाला फसलें बीमा योजना में शामिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि कि इस बागवानी बीमा योजना के तहत 46 बागवानी फसलों के लिए किसानों को मुआवजा दिया जाता है. इनमें 23 सब्जियों की फसलें शामिल की गई हैं. इसके अलावा 21 फल और दो मसाले वाली फसलों को भी योजना में शामिल किया गया है.

बीमा मुआवजा राशि बढ़ाने के प्रस्ताव पर काम शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि बागवानी बीमा योजना के तहत बजट 2026-27 में मुआवजे की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव है. इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके तहत किसानों को पहले की तरह की बीमा किस्त पर ज्यादा भुगतान राशि का लाभ दिया जाएगा. बता दें कि वर्तमान में 1000 रुपये बीमा प्रीमियम पर फल उत्पादक किसानों को नुकसान पर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा देने का प्रावधान है. हालांकि, अब यह मुआवजा राशि बढ़ाने की तैयारी चल रही है.

मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में कितना देना होगा पैसा और कितना किसान को मिलेगा

बागवानी फसलों में प्रतिकूल मौसम व प्राकृतिक आपदाओं के कारण से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए हरियाणा सरकार की ओर से मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना चलाई जा रही है. इस योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ प्रीमीयम राशि 2.5 फीसदी सब्जियों मसालों के लिए 750 रुपये प्रति एकड़ और फलों के लिए 1000 रुपये प्रति एकड़ देना होगा. सब्जियों और मसालों के लिए न्यूनतम मुआवजा राशि प्रति एकड़ 15,000 रुपये व अधिकतम 30,000/- रुपये तय की गई है. वहीं, फलों के लिए न्यूनतम मुआवजा राशि 20,000 रुपये व अधिकतम 40,000/- रुपये दी जा रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़