Mango Farming: पेड़ पर लगे 100 में से 95 आम गिर रहे हैं? एक्सपर्ट से जानें वजह और बचाव का मास्टर प्लान
Mango Fruit Drop Problem: भारत में आम की खेती के दौरान सबसे बड़ी समस्या फलों का समय से पहले झड़ना है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. बदलते मौसम, कीट-रोग, पोषण की कमी और हार्मोन असंतुलन इसके मुख्य कारण हैं. खासकर मटर अवस्था में सही देखभाल, दवा का छिड़काव, पोषण प्रबंधन और सिंचाई के सही तरीकों को अपनाकर किसान 40-60% तक फल झड़ने की समस्या को कम कर सकते हैं और उत्पादन में 20-30% तक बढ़ोतरी हासिल कर सकते हैं.
Mango Farming: भारत में आम को ‘फलों का राजा’ कहा जाता है, लेकिन इसकी खेती में सबसे बड़ी चुनौती है फलों का समय से पहले झड़ जाना. वैज्ञानिकों के अनुसार, पेड़ पर लगने वाले कुल फलों में से केवल 3-5% ही पूरी तरह पक पाते हैं, जबकि बाकी फल बीच में ही गिर जाते हैं. खासकर बिहार जैसे राज्यों में बदलते मौसम, तेज हवा, बारिश और तापमान के उतार-चढ़ाव के कारण यह समस्या और गंभीर हो जाती है.
फल झड़ने के पीछे क्या हैं कारण?
बिहार स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह ने किसान इंडिया (Kisan India) को बताया कि, आम में फल झड़ने के कई कारण होते हैं, जिन्हें समझना बेहद जरूरी है.
- हार्मोन संतुलन: पौधों में हार्मोन का संतुलन बिगड़ने, परागण की कमी और पोषण की कमी से फल कमजोर हो जाते हैं और गिरने लगते हैं.
- पर्यावरणीय कारण: अचानक मौसम बदलना, तेज हवाएं, ओलावृष्टि और अधिक या कम नमी भी फल झड़ने का बड़ा कारण बनती हैं.
- कीट और रोग: पाउडरी मिल्ड्यू, एन्थ्रेक्नोज, फल मक्खी और मिलीबग जैसे कीट-रोग फलों को नुकसान पहुंचाते हैं.
- पोषण की कमी: जिंक, बोरॉन और कैल्शियम जैसे जरूरी तत्वों की कमी से फल मजबूत नहीं बन पाते और गिर जाते हैं.
मटर अवस्था पर क्यों जरूरी है ध्यान?
जब आम के फल मटर के आकार के होते हैं, वह समय सबसे महत्वपूर्ण होता है. इसी अवस्था में सही देखभाल करने से फल झड़ने की समस्या को 30–50% तक कम किया जा सकता है.
- बिहार में पहली बार होने जा रहा ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव! किसानों को मिलेगा खेती का भविष्य बदलने वाला मौका, जानें
- मार्च में मक्का की फसल पर मंडरा रहा खतरा! किसान जरूर करें ये 5 जरूरी काम, वरना उत्पादन हो सकता है कम
- मार्च में नींबू के बागों में न करें ये गलतियां, वरना गिर सकते हैं फूल! एक्सपर्ट से जानें बचाव के टिप्स
कीट और रोग नियंत्रण के उपाय
फल झड़ने को रोकने के लिए समय पर दवा का छिड़काव जरूरी है.
- फफूंद रोगों के लिए हेक्साकोनाजोल या डाइनोकैप का छिड़काव करें
- मिलीबग और थ्रिप्स के लिए इमिडाक्लोप्रिड या स्पिनोसैड का उपयोग करें
- फल मक्खी से बचाव के लिए फेरोमोन ट्रैप लगाएं
- जैविक विकल्प के तौर पर ब्यूवेरिया बेसियाना का इस्तेमाल किया जा सकता है
हार्मोनल और पोषण प्रबंधन
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह के अनुसार, पौधों में सही हार्मोन और पोषण बनाए रखना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि यही फल बनने और टिके रहने की क्षमता को प्रभावित करता है. फल झड़ने की समस्या को कम करने के लिए प्लानोफिक्स (NAA) का छिड़काव लाभकारी माना जाता है. साथ ही NAA और GA₃ का संयुक्त प्रयोग करने से फलों के बनने की क्षमता बढ़ती है. इसके अलावा बोरेक्स और जिंक का फोलियर स्प्रे पौधों को आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व प्रदान करता है, जबकि कैल्शियम नाइट्रेट का छिड़काव फलों को मजबूत बनाकर उनके गिरने की संभावना को कम करता है.
सिंचाई और खेत की देखभाल
सही सिंचाई और खेत की देखभाल भी फलों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इसके लिए हल्की और नियमित सिंचाई करना जरूरी है, ताकि खेत में 60–70% तक नमी बनी रहे. हालांकि, यह भी ध्यान रखना चाहिए कि खेत में पानी जमा न होने पाए, क्योंकि इससे जड़ सड़न का खतरा बढ़ जाता है. बेहतर परिणाम के लिए ड्रिप सिंचाई को सबसे प्रभावी विकल्प माना जाता है, जिससे पौधों को नियंत्रित मात्रा में पानी मिलता है और नमी संतुलित रहती है.
छंटाई और बाग की सफाई
बाग की सही देखभाल के लिए नियमित छंटाई और सफाई बेहद जरूरी है. सूखी और रोगग्रस्त शाखाओं को समय-समय पर हटाना चाहिए, ताकि रोग का फैलाव न हो. इसके अलावा बिना फल वाले मंजरों को काट देने से पौधे की ऊर्जा बचती है और वह फलों के विकास में बेहतर तरीके से लग पाती है. बाग में साफ-सफाई बनाए रखने से पौधे स्वस्थ रहते हैं और उत्पादन में भी सुधार होता है. इससे पौधे की ऊर्जा फलों के विकास में लगती है.
बदलते मौसम में अपनाएं ये नई तकनीक
- काओलिन स्प्रे से गर्मी के असर को कम करें
- सीवीड आधारित बायो-स्टिमुलेंट्स का उपयोग करें
- मल्चिंग से मिट्टी की नमी बनाए रखें
समेकित प्रबंधन से मिलेगा बेहतर परिणाम
अगर किसान सभी उपायों जैसे की कीट नियंत्रण, पोषण, सिंचाई और देखभाल को एक साथ अपनाते हैं, तो फल झड़ने की समस्या 40-60% तक कम की जा सकती है और उत्पादन में 20-30% तक बढ़ोतरी संभव है.
आम की खेती में छोटे फलों की सही देखभाल ही अच्छी पैदावार की कुंजी है. खासकर मटर अवस्था में किया गया प्रबंधन फसल की गुणवत्ता और मुनाफे को तय करता है. यदि किसान समय पर वैज्ञानिक तरीकों को अपनाते हैं, तो वे न केवल फल झड़ने की समस्या को कम कर सकते हैं, बल्कि अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं.