Tomato Farming: इस समय टमाटर की फसल फूल आने की अवस्था में है, लेकिन कई किसानों को एक बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है. पौधों में फूल निकलते ही झड़ने लगे हैं और पत्तियां पीली होकर सूख रही हैं. इसके साथ ही झुलसा रोग और कीटों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है. कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार के अनुसार अगर समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो पैदावार पर गंभीर असर पड़ सकता है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
क्यों झड़ रहे हैं टमाटर के फूल?
कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, टमाटर में फूल झड़ने की सबसे बड़ी वजह अधिक गर्मी और तेज धूप है. मार्च के महीने में तापमान तेजी से बढ़ता है, जिससे पौधों पर सीधा असर पड़ता है. इसके अलावा तापमान में अचानक बदलाव, खेत में जलभराव और नमी का असंतुलन भी पौधों को कमजोर बना देता है. ऐसी स्थिति में पौधे सही तरीके से पोषण नहीं ले पाते और फूल गिरने लगते हैं. टमाटर की फसल में मार्च के समय कई तरह के रोग और कीट लगने लगते हैं. इनमें-
- झुलसा रोग (ब्लाइट) पत्तियों को नुकसान पहुंचाता है, जिससे वे सूख जाती हैं.
- वहीं, गर्मी के मौसम में थ्रिप्स नामक कीट का प्रकोप बढ़ जाता है.
- यह कीट फूलों को नुकसान पहुंचाता है, जिससे फल बनने की प्रक्रिया प्रभावित होती है.
- अगर समय पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो पूरी फसल खराब हो सकती है.
घरेलू उपाय से भी कर सकते हैं बचाव
किसान चाहें तो कुछ आसान और सस्ते घरेलू उपाय अपनाकर भी टमाटर की फसल को काफी हद तक सुरक्षित रख सकते हैं. इसके लिए लहसुन का पेस्ट, नीम का तेल और नीम की ताजी पत्तियों को एक ड्रम या बड़े बर्तन में डालकर पानी के साथ मिला लें और इसे 3-4 दिनों तक ढककर सड़ने के लिए छोड़ दें, ताकि इसका असरदार अर्क तैयार हो सके.
जब यह मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए, तो इसे कपड़े या छलनी से छान लें और स्प्रे मशीन में भरकर सुबह या शाम के समय पौधों पर छिड़काव करें. यह प्राकृतिक घोल कीटों और फफूंद दोनों पर असरदार तरीके से काम करता है, जिससे पौधों को नुकसान कम होता है.
सिंचाई का रखें खास ध्यान
टमाटर की फसल में फूल आने के समय पानी का सही संतुलन बहुत जरूरी होता है. ज्यादा पानी या ज्यादा नमी दोनों ही नुकसानदायक हो सकते हैं. इस अवस्था में हल्की और नियमित सिंचाई करनी चाहिए, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे, लेकिन जलभराव न हो. सही सिंचाई से फूल और फल दोनों का विकास बेहतर होता है.
गर्मी से बचाव है जरूरी
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, टमाटर की फसल पर इसका असर साफ दिखाई देने लगता है. अधिक तापमान फूलों के लिए सबसे बड़ा खतरा होता है. ऐसी स्थिति में किसान को चाहिए कि समय-समय पर फसल की निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर कृषि विशेषज्ञ की सलाह लेकर कीटनाशक और फफूंदनाशक का इस्तेमाल करें. टमाटर की फसल में फूल झड़ने की समस्या आम है, लेकिन सही समय पर सही कदम उठाकर इसे रोका जा सकता है.