1 लाख रुपये किलो बिकने वाला लाल आम, छत पर लगाकर भी कमा सकते हैं लाखों रुपये!
एक खास जापानी किस्म का लाल आम इन दिनों चर्चा में है, जिसकी कीमत लाखों रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है. अच्छी बात यह है कि इसका पौधा अब कम कीमत में मिल रहा है और इसे छत या गमले में भी उगाया जा सकता है. सही देखभाल से यह जल्दी फल देने लगता है.
Miyazaki Mango: सोचिए, अगर आपके घर की छत पर लगा एक आम का पेड़ आपको लाखों रुपये कमा कर दे तो? यह कोई सपना नहीं, बल्कि हकीकत बन सकता है. इन दिनों एक खास जापानी नस्ल का आम चर्चा में है, जिसे लोग लाल सोना कह रहे हैं. इसकी कीमत इतनी ज्यादा है कि सुनकर ही लोग हैरान रह जाते हैं. अब यह आम देश में भी उगाया जा रहा है और किसान इसे भविष्य की कमाई का बड़ा जरिया मान रहे हैं.
कीमत जानकर चौंक जाएंगे आप
यह खास किस्म का आम दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 2 लाख से लेकर 28 लाख रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है. देश में भी इसका भाव करीब 1 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुका है. पहले इसका पौधा करीब 10 हजार रुपये में मिलता था, लेकिन अब बढ़ती मांग के कारण यह 1,000 से 2,500 रुपये के बीच आसानी से मिल रहा है. यानी अब आम लोगों के लिए भी इसे उगाना आसान हो गया है. कम लागत में बड़ा फायदा कमाने का मौका किसानों और गार्डनिंग के शौकीनों दोनों के लिए मौजूद है.
छत या गमले में भी लगा सकते हैं पौधा
इस आम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बड़े गमले या घर की छत पर भी उगाया जा सकता है. जिनके पास खेत नहीं है, वे भी इसे अपने घर के बगीचे में लगा सकते हैं. इसे साल के किसी भी महीने लगाया जा सकता है. सही देखभाल मिलने पर यह पौधा 1 से 2 साल के भीतर फल देना शुरू कर देता है. इसे अच्छी धूप, समय पर पानी और संतुलित खाद की जरूरत होती है. पौधे की नियमित कटाई-छंटाई और देखभाल करने से फल की गुणवत्ता बेहतर रहती है. अगर शुरुआत में किसी कृषि विशेषज्ञ से सलाह ले ली जाए, तो पौधा अच्छी तरह बढ़ता है और बेहतर उत्पादन देता है.
स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना
यह आम सिर्फ अपनी कीमत के लिए ही नहीं, बल्कि स्वाद और सेहत के लिए भी खास माना जाता है. इसका रंग गहरा लाल होता है और स्वाद बहुत मीठा. इसमें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. कहा जाता है कि यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है. इसी वजह से विदेशी बाजार में इसकी मांग ज्यादा रहती है.
आज के समय में जब पारंपरिक खेती में मुनाफा कम होता जा रहा है, ऐसे में यह खास किस्म का आम किसानों के लिए नई उम्मीद बन सकता है. अगर सही तरीके से खेती की जाए और बाजार से सीधा जुड़ाव बनाया जाए, तो यह फसल सच में लाल सोना साबित हो सकती है. कम जगह, कम समय और सही देखभाल के साथ यह आम आपको लखपति बना सकता है. जरूरत है तो बस सही जानकारी और थोड़ी मेहनत की.