फलों को धूप, बारिश और कीटों से बचाएगी जापान की यह तकनीक, बिना ज्यादा खर्च बढ़ेगी क्वालिटी

Japanese Farming Technique: फलों को तेज धूप, बारिश, ओलावृष्टि और कीटों से बचाने के लिए जापान की फ्रूट बैगिंग तकनीक किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है. इस तकनीक में छोटे फलों को खास पेपर या नॉन-वूवन बैग से ढक दिया जाता है, जिससे उनकी क्वालिटी, रंग और स्वाद बेहतर रहता है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 23 Jul, 2026 | 10:32 PM

Fruit Bagging Method: फलों की खेती करने वाले किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है बदलता मौसम और कीटों का हमला. कभी तेज धूप फलों का रंग खराब कर देती है, तो कभी बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और कीट फसल को नुकसान पहुंचा देते हैं. ऐसे में किसानों को अच्छी पैदावार के बावजूद बाजार में मनचाहा दाम नहीं मिल पाता. लेकिन अब एक ऐसी तकनीक तेजी से लोकप्रिय हो रही है, जो फलों को मौसम की मार और कीटों से बचाने के साथ उनकी क्वालिटी भी बेहतर बनाती है. इस तकनीक का नाम है फ्रूट बैगिंग.

यह तकनीक सबसे पहले जापान में अपनाई गई थी और अब उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों के बागवान इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. कृषि विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार के अनुसार, इससे फलों की चमक, रंग, स्वाद और बाजार कीमत सभी में सुधार होता है.

क्या है फ्रूट बैगिंग तकनीक?

फ्रूट बैगिंग का मतलब है कि, जब पेड़ पर फल छोटे आकार के होते हैं, तभी उन्हें एक खास बैग से ढक दिया जाता है. यह बैग खास कागज या नॉन-वूवन सामग्री से बनाया जाता है. बैग फल को पूरी तरह ढक लेता है, जिससे वह सीधे धूप, बारिश, ओलावृष्टि और कीटों के संपर्क में नहीं आता. फल सुरक्षित माहौल में धीरे-धीरे बढ़ता है और उसकी क्वालिटी बेहतर बनी रहती है.

किन फलों में सबसे ज्यादा होता है इस्तेमाल?

इस तकनीक का इस्तेमाल मुख्य रूप से ऐसे फलों में किया जाता है, जिनकी बाजार में अच्छी कीमत मिलती है. इनमें आम, लीची, अनार, सेब, अमरूद और नाशपाती प्रमुख हैं. इन फलों पर अक्सर फ्रूट फ्लाई, इल्ली और अन्य कीट हमला कर देते हैं. बैगिंग तकनीक इन समस्याओं को काफी हद तक कम कर देती है.

तेज धूप और ओलावृष्टि से मिलता है बचाव

गर्मियों में तेज धूप के कारण फलों का प्राकृतिक रंग फीका पड़ जाता है. वहीं बारिश के मौसम में ओलावृष्टि होने पर फलों पर दाग-धब्बे पड़ जाते हैं. फ्रूट बैगिंग करने से फल इन दोनों समस्याओं से काफी हद तक सुरक्षित रहते हैं. साथ ही कीटों का हमला भी कम होता है.

खास तरीके से बनाए जाते हैं ये बैग

फ्रूट बैग सामान्य थैली की तरह नहीं होते. इन्हें इस तरह डिजाइन किया जाता है कि बारिश का पानी इनके अंदर जमा नहीं होता. अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल जाता है. ये बैग कॉटन, खास कागज या पर्यावरण के अनुकूल नॉन-वूवन सामग्री से बनाए जाते हैं, जो कुछ समय बाद आसानी से नष्ट भी हो जाते हैं. इनके अंदर फल को बढ़ने के लिए संतुलित तापमान मिलता है, जिससे उसका आकार, रंग और चमक बेहतर होती है.

जापान से शुरू हुई, अब दुनिया में लोकप्रिय

फ्रूट बैगिंग तकनीक की शुरुआत जापान में हुई थी. शुरुआती दौर में वहां रेशम के थैलों का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन अब उनकी जगह विशेष पेपर और नॉन-वूवन बैग ने ले ली है. पेपर बैग खासतौर पर फलों का रंग निखारने में मदद करते हैं. उदाहरण के लिए, लीची का गहरा लाल रंग पाने के लिए पेपर बैग सबसे बेहतर माने जाते हैं. यही वजह है कि आज दुनिया के कई देशों में इस तकनीक का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है.

फ्रूट बैगिंग अपनाने से फलों को कीट, तेज धूप, बारिश और ओलावृष्टि से सुरक्षा मिलती है. इससे फलों पर दाग-धब्बे नहीं पड़ते, उनका रंग और स्वाद बेहतर रहता है. अच्छी क्वालिटी वाले फल बाजार में ज्यादा कीमत पर बिकते हैं, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ने की संभावना रहती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 23 Jul, 2026 | 10:32 PM

लेटेस्ट न्यूज़