लीची के पेड़ों पर मंडरा रहा खतरा! ये 3 कीट मिनटों में कर सकते हैं फसल तबाह, बचाव टिप्स

Pest Control In Litchi: लीची की फसल पर स्टिंक बग, दहिया कीट और माइट जैसे खतरनाक कीट हमला करते हैं, जो पत्तियों, टहनियों और फलों का रस चूसकर उन्हें खराब कर देते हैं. समय पर पहचान और सही कीटनाशक छिड़काव के साथ सफाई और देखभाल से इनका नियंत्रण किया जा सकता है, जिससे फसल को नुकसान से बचाया जा सकता है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 23 Apr, 2026 | 06:00 AM

Litchi Pest Control Tips: लीची खाना जितना मजेदार होता है, उसकी खेती उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी होती है. खासकर जब फसल पर कीटों का हमला हो जाए, तो किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है. अगर समय पर इन कीटों को पहचाना और रोका नहीं गया, तो पूरी फसल खराब होने का खतरा रहता है. ऐसे में बिहार कृषि विभाग ने किसानों को चेतावनी दी है कि लीची के बागानों में कुछ खास कीट तेजी से फैलते हैं, जो सीधे फल और पत्तियों को नुकसान पहुंचाते हैं. ये कीट धीरे-धीरे पौधे को कमजोर कर देते हैं, जिससे उत्पादन घट जाता है और फल की गुणवत्ता भी खराब हो जाती है.

लीची स्टिंक बग (Litchi Stink Bug)

यह कीट लीची के पौधों के कोमल हिस्सों और नई टहनियों से रस चूसकर उन्हें कमजोर कर देता है. इसके असर से फूल और फल काले पड़ने लगते हैं और समय से पहले गिर जाते हैं, जिससे पैदावार में भारी कमी आ जाती है. अगर आपके बाग में कोमल पत्तियों और नई टहनियों पर छोटे-छोटे कीट जमा दिखें या फल और फूल काले होकर गिरने लगें, तो समझ लें कि कीट का हमला शुरू हो चुका है और तुरंत बचाव के उपाय करना जरूरी है.

बचाव के उपाय:

  • बुप्रोफेजिन 25 फीसदी SC को 1.5 मिली प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें
  • इमिडाक्लोप्रिड 17.8 फीसदी SL को 1 मिली प्रति 3 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें

दहिया कीट (Mealy Bug)

दहिया कीट लीची के पौधों की कोशिकाओं से रस चूसकर उन्हें धीरे-धीरे कमजोर कर देता है. इसका सबसे ज्यादा असर मुलायम तनों और मंजरियों (फूलों के गुच्छों) पर दिखाई देता है, जहां यह तेजी से फैलता है. अगर समय रहते इसे नहीं रोका गया, तो मंजरियां सूखने लगती हैं और फल बनने से पहले ही गिर जाते हैं, जिससे सीधा नुकसान होता है. आसान भाषा में समझें तो, अगर आपको तनों और पत्तियों पर सफेद रूई जैसे छोटे-छोटे कीट दिखें और मंजरियां सूखकर झड़ने लगें, तो समझ लें कि दहिया कीट का हमला हो चुका है और तुरंत नियंत्रण करना जरूरी है.

बचाव के उपाय:

  • बाग की नियमित सफाई और जुताई करें, ताकि अंडे नष्ट हो सकें
  • पेड़ के तने के चारों ओर प्लास्टिक या अलकाथीन की पट्टी लगाएं
  • तने पर ग्रीस लगाने से कीट ऊपर नहीं चढ़ पाते
  • इमिडाक्लोप्रिड या थायोमेथोक्साम का घोल बनाकर छिड़काव करें

लीची माइट (Litchi Mite)

यह बहुत ही छोटा (सूक्ष्म) कीट होता है, जो लीची की पत्तियों के नीचे छिपकर उनका रस चूसता रहता है. धीरे-धीरे इसका असर इतना बढ़ जाता है कि पत्तियां अपनी सामान्य बनावट खो देती हैं, मुड़ने लगती हैं और आखिर में सूख जाती हैं. आसान भाषा में कहें तो, अगर पत्तियां भूरी और मखमली जैसी दिखने लगें, सिकुड़कर छोटी हो जाएं या सूखने लगें, तो समझ लें कि इस कीट ने हमला कर दिया है और तुरंत ध्यान देने की जरूरत है.

बचाव के उपाय:

  • प्रभावित पत्तियों और टहनियों को काटकर नष्ट कर दें
  • सल्फर 80 फीसदी WP का 3 ग्राम प्रति लीटर पानी में छिड़काव करें
  • या डायकोफोल / प्रोपरगाइट का उपयोग करें

कीट नियंत्रण के सामान्य सुझाव

लीची के बाग को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है कि आप समय-समय पर पौधों का ध्यान से निरीक्षण करते रहें, ताकि कीटों का हमला शुरुआती अवस्था में ही पकड़ में आ जाए. साथ ही संतुलित मात्रा में उर्वरक और सही तरीके से सिंचाई करें, जिससे पौधे मजबूत बने रहें और कीटों का असर कम हो. अगर कहीं भी संक्रमित पत्तियां, टहनियां या फल दिखें, तो उन्हें तुरंत हटाकर नष्ट कर दें, ताकि बीमारी फैल न सके. इसके अलावा, किसी भी रसायन का इस्तेमाल हमेशा निर्देशों के अनुसार ही करें, ताकि फसल को नुकसान न हो.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 23 Apr, 2026 | 06:00 AM
ज्ञान का सम्मान क्विज

भारत की सबसे छोटी गाय नस्ल का नाम क्या है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
उत्तर प्रदेश
विजेताओं के नाम
कन्हैया कुमार रंजन, समस्तीपुर, बिहार

लेटेस्ट न्यूज़