अब पशुओं के लिए डॉक्टर आएंगे घर! मोबाइल वेटरनरी यूनिट से गांव-गांव पहुंचेगी इलाज की सुविधा
Mobile Veterinary Unit: अब मोबाइल वेटरनरी यूनिट की मदद से पशुओं का इलाज घर पर ही किया जा रहा है. इस सेवा के तहत डॉक्टर गांव-गांव जाकर पशुओं की सामान्य जांच करते हैं, बीमारियों का इलाज करते हैं और गर्भ जांच भी करते हैं. जरूरत पड़ने पर छोटा ऑपरेशन और प्राथमिक उपचार भी किया जाता है. साथ ही पशुपालकों को सही देखभाल और पोषण की जानकारी दी जाती है. इससे पशुओं को समय पर इलाज मिलता है और किसानों का समय व पैसा दोनों बचते हैं.
Dairy Farming Tips: ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को अक्सर पशु चिकित्सक तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मोबाइल वेटरनरी यूनिट (MVU) की शुरुआत की गई है. यह एक ऐसी चलती-फिरती पशु चिकित्सा सेवा है, जो सीधे गांवों और किसानों के घर तक पहुंचती है. पशुपालन एवं डेयरी विभाग की इस पहल का उद्देश्य पशुओं को समय पर इलाज उपलब्ध कराना और पशुपालकों को बेहतर मार्गदर्शन देना है.
घर-घर पहुंचती स्वास्थ्य सेवा
मोबाइल वेटरनरी यूनिट खासतौर पर उन इलाकों के लिए फायदेमंद है, जहां पशु अस्पताल दूर हैं. यह यूनिट वाहन के रूप में होती है, जिसमें जरूरी दवाइयां, उपकरण और प्रशिक्षित स्टाफ मौजूद रहता है. सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर पशुओं की जांच और उपचार करती है.इससे किसानों का समय और खर्च दोनों बचते हैं, साथ ही पशुओं को तुरंत इलाज मिल पाता है.
मोबाइल वेटरनरी यूनिट (MVU) पशुपालकों तक घर-घर पशु स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाती है।#MobileVeterinaryUnit #AnimalTreatment #LivestockCare #AnimalHealth #HealthyAnimals pic.twitter.com/iHLqxlYCrj
और पढ़ें— Dept of Animal Husbandry & Dairying, Min of FAH&D (@Dept_of_AHD) February 28, 2026
MVU की प्रमुख सेवाएं
- सामान्य स्वास्थ्य जांच: पशुओं की नियमित जांच की जाती है, जिससे बीमारी के शुरुआती लक्षणों का पता समय रहते चल सके.
- बीमारियों का उपचार: अगर पशु किसी संक्रमण या बीमारी से पीड़ित है, तो मौके पर ही दवा और उपचार उपलब्ध कराया जाता है.
- गर्भ जांच सेवा: दुधारू पशुओं के लिए गर्भ जांच बेहद जरूरी होती है. MVU के जरिए पशुओं की प्रेग्नेंसी जांच की जाती है, जिससे प्रजनन प्रबंधन बेहतर हो सके.
- प्राथमिक शल्य चिकित्सा और प्राथमिक उपचार: छोटे-मोटे ऑपरेशन या चोट लगने की स्थिति में तुरंत प्राथमिक सर्जरी और उपचार किया जाता है.जागरूकता और
- मार्गदर्शन: टीम पशुपालकों को पशु पोषण, टीकाकरण, स्वच्छता और रोगों से बचाव के बारे में जानकारी देती है. इससे पशुपालन का तरीका अधिक वैज्ञानिक और लाभकारी बनता है.
पशुपालकों के लिए क्यों है जरूरी?
समय पर इलाज न मिलने से पशुओं की उत्पादकता घट जाती है, जिससे दूध उत्पादन और आय पर सीधा असर पड़ता है. मोबाइल वेटरनरी यूनिट इस समस्या का समाधान बनकर उभरी है. इससे न केवल पशुओं का स्वास्थ्य सुधरता है, बल्कि किसानों की आमदनी भी सुरक्षित रहती है.
मोबाइल वेटरनरी यूनिट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. यह सेवा पशुपालकों को भरोसा देती है कि जरूरत पड़ने पर डॉक्टर उनके दरवाजे तक आएंगे. इस पहल से पशु स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सुलभ, तेज और प्रभावी हो रही हैं, जिससे पशुपालन व्यवसाय को नई मजबूती मिल रही है.