Tamil Nadu News: तमिलनाडु सरकार ने डेयरी किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है. कृषि बजट में 10,000 दुधारू गायें मुफ्त देने के ऐलान के बाद अब सरकार ने 2026-27 में 12,500 और दुधारू गायों की खरीद कराने का फैसला किया है. इस पहल का मकसद दूध उत्पादन बढ़ाना, किसानों की आय में इजाफा करना और राज्य की दुग्ध सहकारी संस्था आविन (Aavin) को अधिक दूध उपलब्ध कराना है. यह खरीद मीडियम और मिनी डेयरी योजनाओं के तहत कराई जाएगी. इस तरह कुल 22,500 दुधारू गायों को गांवों की प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों से जोड़ा जाएगा. इससे लाभार्थियों को पशु चारा और अन्य सरकारी सहायता पर सब्सिडी मिलेगी. साथ ही वे राज्य की दुग्ध सहकारी संस्था आविन (Aavin) को दूध बेच सकेंगे.
सरकार का अनुमान है कि इस पहल से आने वाले कुछ वर्षों में आविन की रोजाना दूध खरीद करीब 1.5 लाख लीटर बढ़ जाएगी. इस योजना की जानकारी कृषि मंत्री आर. विनोथ ने कृषि बजट पेश करते समय दी. तमिलनाडु सरकार ने यह फैसला ऐसे समय लिया है, जब राज्य की दुग्ध सहकारी संस्था आविन (Aavin) की रोजाना दूध खरीद घटकर करीब 31.5 लाख लीटर रह गई है. एक साल पहले यह आंकड़ा लगभग 35 लाख लीटर प्रतिदिन था. इसका एक बड़ा कारण यह है कि कई दुग्ध उत्पादक अधिक कीमत मिलने के कारण निजी डेयरियों को दूध बेचने लगे हैं. पिछले छह महीनों में आविन को मिलने वाले दूध की गुणवत्ता में भी गिरावट दर्ज की गई है.
12,500 गायों से बढ़ेगा डेयरी कारोबार
सरकार ने कहा कि 12,500 दुधारू गायों में से 2,500 गायें नई योजना के तहत खरीदी जाएंगी. इसके जरिए 500 मध्यम आकार की डेयरी इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिनमें प्रत्येक के पास 5 दुधारू गायें होंगी. वहीं, बाकी 10,000 गायें पहले से चल रही 5,000 मिनी डेयरी योजना के तहत खरीदी जाएंगी, जहां हर यूनिट में 2 दुधारू गायें होंगी. द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्यम डेयरी योजना के तहत लाभार्थियों को पहले अपने स्तर पर 3 दुधारू गायें खरीदनी होंगी और उन्हें 6 महीने तक पालना होगा. इसके बाद वे 2 और दुधारू गायें खरीदने के लिए सरकारी वित्तीय सहायता के पात्र बन जाएंगे.
- Tamil Nadu Budget: कृषि मजदूरों के लिए बड़ी घोषणा, ‘मन्निन मगल योजना’ के तहत खरीद सकेंगे अपनी जमीन
- तमिलनाडु में चावल हुआ महंगा, 15 रुपये किलो तक बढ़ी कीमत.. बिगड़ा किचन का बजट
- कर्नाटक में महंगी हुईं मछलियां, कीमतों में 190 फीसदी तक बढ़ोतरी.. 580 रुपये किलो हुआ भाव
- फसल नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान.. DBT के जरिए भुगतान
मध्यम डेयरी योजना में किसानों को आर्थिक मदद
सरकार ने कहा कि डेयरी कारोबार शुरू करने वाले किसानों को गाय खरीदने के लिए डेयरी विकास विभाग और तमिलनाडु पिछड़ा वर्ग आर्थिक विकास निगम के माध्यम से लोन उपलब्ध कराया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए 22,500 दुधारू गायों से सीधे आविन (Aavin) को दूध की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होगी. हालांकि, दूध खरीद में बढ़ोतरी का असर पूरी तरह दिखने में एक से दो साल का समय लग सकता है. तमिलनाडु के कृषि मंत्री ने बताया कि मध्यम डेयरी योजना के तहत लाभार्थियों को परियोजना लागत का 25 प्रतिशत पूंजी अनुदान (कैपिटल सब्सिडी) दिया जाएगा. बाकी राशि के लिए किसानों को रियायती ब्याज दर पर बैंक लोन उपलब्ध कराया जाएगा.
गायों की यूनिट लगाने के लिए 4 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी
वहीं, मिनी डेयरी योजना के तहत दो दुधारू गायों की यूनिट लगाने वाले किसानों को 4 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल शुरू की गई इस योजना के तहत 2025-26 में 1,625 किसानों ने 3,363 दुधारू गायें खरीदीं. हालांकि, लोन वितरण, आवेदन मंजूरी और गायों की कीमत तय करने में देरी के कारण योजना अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी.