Amazing Birds: लाल रंग की नॉर्दर्न कार्डिनल चिड़िया क्यों है खास, जानिए इसकी आदतें और अनोखी पहचान पूरी कहानी
नॉर्दर्न कार्डिनल अपनी लाल रंगत, मधुर आवाज और आसान पहचान के कारण बेहद पसंद की जाती है. यह चिड़िया अमेरिका में आम है और झाड़ियों, बगीचों में रहती है. नर और मादा दोनों गाते हैं. इसके भोजन, घोंसले और रंग के पीछे की वजह इसे और खास बनाती है.
Northern Cardinal: कभी बर्फ से ढके पेड़ों के बीच चमकती लाल चिड़िया देखी है? अगर हां, तो हो सकता है वह नॉर्दर्न कार्डिनल हो. यह चिड़िया अपने गहरे लाल रंग, मधुर आवाज और खूबसूरत अंदाज की वजह से लोगों की सबसे पसंदीदा पक्षियों में गिनी जाती है. अमेरिका में इसे प्यार से रेडबर्ड भी कहा जाता है. नॉर्दर्न कार्डिनल सिर्फ देखने में ही सुंदर नहीं, बल्कि इसकी आदतें और जीवनशैली भी इसे खास बनाती हैं. आइए आसान भाषा में जानते हैं इस खूबसूरत पक्षी से जुड़ी रोचक बातें.
नॉर्दर्न कार्डिनल कैसा दिखता है
नॉर्दर्न कार्डिनल को पहचानना बहुत आसान है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसकी लंबाई करीब 9 इंच होती है और पंख फैलाने पर यह लगभग 12 इंच का दिखता है. नर कार्डिनल चमकदार लाल रंग का होता है, जिसे देखकर कोई भी पहली नजर में पहचान सकता है. वहीं मादा कार्डिनल हल्के भूरे रंग की होती है, जिसमें लाल या गुलाबी रंग की हल्की झलक दिखाई देती है. दोनों के सिर पर सुंदर सा क्रेस्ट (कलगी) होता है और चोंच नारंगी-लाल रंग की होती है. छोटे कार्डिनल बच्चों की पहचान उनकी काली चोंच से होती है. सर्दियों में सफेद बर्फ के बीच लाल कार्डिनल का दिखना लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित करता है. यही वजह है कि क्रिसमस सजावट में भी इस चिड़िया की तस्वीरें खूब इस्तेमाल होती हैं.
नॉर्दर्न कार्डिनल की पहचान
कहां पाए जाते हैं कार्डिनल
नॉर्दर्न कार्डिनल ज्यादातर अमेरिका के पूर्वी हिस्सों, मैक्सिको और ग्वाटेमाला तक पाए जाते हैं. इन्हें हवाई में भी बसाया गया है. ये पक्षी पलायन नहीं करते, यानी साल भर एक ही इलाके में रहते हैं. कार्डिनल झाड़ियों, बगीचों, पार्क, जंगलों और यहां तक कि शहरों के आसपास भी आसानी से दिख जाते हैं. इन्हें घनी झाड़ियां और पेड़ बहुत पसंद होते हैं. यही वजह है कि लोग अपने घरों के आंगन में इन्हें अक्सर दाना खाते हुए देख लेते हैं. आज ये पक्षी सात अमेरिकी राज्यों के राज्य पक्षी भी हैं, जो इनके महत्व को दिखाता है.
गाने वाली चिड़िया- नर और मादा दोनों
बहुत कम लोग जानते हैं कि कार्डिनल की मादा भी गाती है. यह इन्हें खास बनाता है. मादा कार्डिनल अक्सर अंडों पर बैठी होती है और गाकर अपने साथी को खाना लाने का इशारा देती है. नर कार्डिनल साल के लगभग 9 महीने गाता है. इसकी आवाज व्हाट चियर, व्हाट चियर, जैसी सुनाई देती है. यह अपने इलाके की रक्षा के लिए भी गाना गाता है. प्रजनन के मौसम में कार्डिनल अपने क्षेत्र को लेकर काफी सतर्क और रक्षक हो जाते हैं. हालांकि सर्दियों में कई कार्डिनल एक साथ दाना खाते नजर आ जाते हैं.
नॉर्दर्न कार्डिनल
भोजन, घोंसला और लाल रंग का राज
कार्डिनल को सूरजमुखी और कुसुम (सैफ्लावर) के बीज बहुत पसंद होते हैं. ये जामुन, शहतूत और ब्लूबेरी जैसे फल भी खाते हैं. मादा कार्डिनल झाड़ियों या छोटे पेड़ों में घोंसला बनाती है. वह एक बार में 3 से 4 अंडे देती है. बच्चे निकलने के बाद माता-पिता उन्हें दिन में कई बार खाना खिलाते हैं. अब सबसे दिलचस्प सवाल-नर कार्डिनल लाल क्यों होता है? असल में, उसका लाल रंग खाने से जुड़ा है. लाल फलों में पाए जाने वाले तत्व उसके पंखों को और ज्यादा चमकदार बनाते हैं. जितना अच्छा खाना, उतना गहरा लाल रंग. कभी-कभी दुर्लभ रूप से पीले या सफेद कार्डिनल भी दिख जाते हैं, जो एक खास आनुवंशिक बदलाव की वजह से होते हैं.