Bengal New CM: बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. बीजेपी ने आखिरकार अपने मुख्यमंत्री चेहरे पर मुहर लगाते हुए सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का CM बनाने का फैसला लिया है. इस ऐलान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. अब सबकी नजरें कल होने वाले शपथग्रहण पर टिकी हैं, जहां नए युग की शुरुआत होने जा रही है.
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी, जिन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराया, अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. नई सरकार को लेकर हुई बीजेपी विधायकों की बैठक के बाद अमित शाह ने साफ कहा कि “सुवेंदु ही पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे.” इसके बाद बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है.
शुभेंदु अधिकारी का सफर
शुभेंदु अधिकारी पिछले दो विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी को अलग-अलग सीटों पर मात दे चुके हैं. साल 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था. खास बात यह है कि नंदीग्राम वही इलाका है, जहां से आंदोलन की शुरुआत कर ममता बनर्जी ने कभी बंगाल में वामपंथी सरकार की सत्ता खत्म की थी. नंदीग्राम में हार के बाद टीएमसी के भवानीपुर से विधायक ने ममता बनर्जी के लिए अपनी सीट छोड़ दी, जिसके बाद हुए उपचुनाव में ममता ने जीत दर्ज कर विधानसभा में वापसी की. लेकिन इस बार भी शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें कड़ी टक्कर दी और भवानीपुर सीट पर बड़े अंतर से हराकर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी.
VIDEO | Kolkata: Union Home Minister Amit Shah (@AmitShah) felicitates West Bengal BJP Legislature Party leader Suvendu Adhikari (@SuvenduWB).#WestBengalLegislativeAssemblyelection2026
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/qT5GiItStF
— Press Trust of India (@PTI_News) May 8, 2026
BJP की ऐतिहासिक जीत
4 मई 2026 को पश्चिम बंगाल की सियासत में एक ऐतिहासिक बदलाव आया, जिसने 15 साल पुरानी सत्ता को जड़ से हिला दिया. बंगाल की जनता ने इस बार ऐसा फैसला सुनाया है, जिसने न सिर्फ सरकार बदली बल्कि राजनीतिक समीकरण भी पूरी तरह पलट दिए. 294 सदस्यीय विधानसभा में 206 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में BJP की एंट्री ने राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत कर दी है.
9 मई को शपथग्रहण
पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री 9 मई को 11 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की भी संभावना है. पीएम मोदी ने बैरकपुर में अपनी अंतिम चुनावी रैली के दौरान कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि 4 मई के नतीजों के बाद वह फिर बंगाल लौटेंगे और बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे.
ममता बनर्जी की हार, सबसे बड़ा झटका
इस चुनाव का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला परिणाम रहा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हार. उन्हें भवानीपुर सीट पर BJP के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी ने हराया. यह हार ममता बनर्जी के लिए न केवल एक व्यक्तिगत झटका है, बल्कि TMC के लिए भी बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रही है.