रसोई गैस के मोर्चे पर एक और झटका.. उज्ज्वला सिलेंडर में कटौती का ऐलान, जानिए अब कितने मिलेंगे LPG Cylinder 

Ujjwala Yojana LPG cylinders Cut: केंद्र सरकार उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को छूट पर सालाना दिए जाने वाले सिलेंडर की संख्या घटा दी है. यानी योजना के लाभार्थियों को अब कम सिलेंडर मिलेंगे.

Kisan India
नोएडा | Published: 8 Jun, 2026 | 08:12 PM

एलपीजी की बढ़ती कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं को रसोई गैस के मोर्चे पर एक और झटका केंद्र सरकार ने दे दिया है. केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए सालाना सब्सिडी पर मिलने वाले LPG रिफिल सिलेंडर की संख्या 9 से घटाकर केवल 4 कर दी है. कहा गया है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच LPG की अंतरराष्ट्रीय कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. कहा जा रहा है कि रसोई गैस की आपूर्ति बरकरार रखने और तेल कंपनियों को हो रहे घाटे से बचाने के इरादे से यह फैसला लिया गया है.

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रवीण खनूजा ने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए सालाना सब्सिडी पर मिलने वाले LPG रिफिल सिलेंडर की संख्या 9 से घटाकर केवल 4 कर दी है. उन्होंने कहा कि संशोधित पात्रता मोटे तौर पर उज्ज्वला लाभार्थियों की औसत सालाना खपत से मेल खाती है.

सिलेंडर सब्सिडी पर मंत्रालय ने क्या कहा

पेट्रोलियम मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रवीण खानूजा ने 8 जून को कहा कि उज्ज्वला ग्राहकों के लिए 4 सिलेंडरों पर सब्सिडी 300 रुपये प्रति सिलेंडर तय की गई है. अधिकारी ने बताया कि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद भी उपभोक्ताओं को इनडायरेक्ट सब्सिडी मिलती रहती है. उन्होंने कहा कि गैर-उज्ज्वला उपभोक्ताओं के लिए यह सब्सिडी 700 रुपये प्रति सिलेंडर और उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए 1,000 रुपये है.

सामान्य ग्राहक को 700 रुपये और उज्ज्वला ग्राहक को 1000 रुपये सस्ता मिल रहा सिलेंडर

सचिव ने कहा कि चाहे कोई उज्ज्वला ग्राहक हो या न हो, सबको सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है जिसकी असल कीमत 1,600 रुपये होनी चाहिए थी. ऐसे में सामान्य ग्रहक को को इनडायरेक्ट तरीके से सब्सिडी मिल रही है. वहीं, उज्ज्वला योजना के ग्राहकों को इसके अलावा 300 रुपये और मिलते हैं. उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर अगर आप देखें तो उन्हें 1,000 रुपये मिल रहे हैं. गैर उज्ज्वला ग्राहकों को भी प्रति सिलेंडर 700 रुपये मिल रहे हैं. उन्होंने बताया कि सऊदी CP बेंचमार्क के आधार पर 14.2 किलो वाले सिलेंडर की असल कीमत 1,600 रुपये से ज्यादा है, लेकिन ग्राहकों को 942 रुपये देने होंगे.

तेल मार्केटिंग कंपनियों हर सिलेंडर पर 700 रुपये घाटा

मंत्रालय के अनुसार घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 1,600 रुपये से अधिक हो गई है और सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों को प्रति सिलेंडर 700 रुपये का नुकसान (अंडर-रिकवरी) हो रहा है. ऐसे में तेल कंपनियों को घाटे से बचाने के लिए 10 हजार करोड़ का राहत पैकेज भी जारी किया गया है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले फाइनेंशियल ईयर के आखिर तक घरेलू LPG पर कुल अंडर रिकवरी (लागत और बिक्री मूल्य का अंतर) 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो उससे पिछले साल 41,338 करोड़ रुपये था. केंद्रीय कैबिनेट ने इस मद में मार्केटिंग कंपनियों को 30,000 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मंजूरी दी है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़