Andhra Pradesh Agriculture News: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कृषि विभाग के अधिकारियों को अल नीनो (El Nino) के कारण पैदा होने वाली मौसम संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए फसल योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि किसानों को पिछले साल के अनुभवों के आधार पर कृषि, बागवानी और व्यावसायिक फसलों की उपयुक्त खेती के बारे में मार्गदर्शन दिया जाए. साथ ही, उन्होंने फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और राज्य में बड़े पैमाने पर प्राकृतिक खेती अपनाने की दिशा में काम करने पर जोर दिया.
दरअसल, कृषि, बागवानी और मत्स्य पालन क्षेत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ये निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती के तरीके अपनाने की सलाह देने को भी कहा. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि दुनिया भर के बाजारों में अब जैविक (ऑर्गेनिक) और प्राकृतिक खेती से जुड़े प्रमाणपत्रों को अधिक महत्व दिया जा रहा है. इसलिए किसानों को वैज्ञानिक खेती के तरीकों और अंतरराष्ट्रीय मानकों की जानकारी देने के लिए बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक और टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने वाले कार्यक्रमों में वह खुद भी हिस्सा लेंगे.
तंबाकू खरीदारों के साथ जल्द होगी बैठक
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रमुख फसलों और उत्पादों, जैसे मिर्च, तंबाकू और तोतापुरी आम से जुड़े मुद्दों पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तंबाकू किसानों के हितों की रक्षा के लिए अधिकारियों को तंबाकू खरीदारों के साथ जल्द बैठक करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी आधुनिक भंडारण व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे किसान अपनी उपज को तब तक सुरक्षित रख सकें, जब तक बाजार में उन्हें बेहतर कीमत न मिल जाए. इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को अधिक मांग वाली दलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश दिया. उनका मानना है कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और उन्हें बेहतर मुनाफा मिलेगा.
- पहले से ज्यादा खतरनाक होगा अल नीनो ! धान- मक्का पर मंडराया खतरा.. किसान हो जाएं सतर्क
- मॉनसून की दस्तक के साथ ही बदला मौसम का मिजाज, 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- इस घास से सुधरेगी मिट्टी की सेहत और बढ़ेगी उर्वरता, चारे की समस्या भी होगी दूर.. विशेष अभियान शुरू
- तेजी से गिर रहा भूजल स्तर, पेयजल आपूर्ति पर गहरा सकता है संकट.. स्थिति बहुत गंभीर
बैठक में ये मंत्री रहे मौजूदद
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को फसलों की स्थिति और बाजार में उपलब्ध कृषि उत्पादों के भंडार का लगातार विश्लेषण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में नीतिगत फैसले बेहतर तरीके से लिए जा सकें. उन्होंने कृषि और बागवानी उत्पादों में वैल्यू एडिशन बढ़ाने पर भी जोर दिया, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके. मत्स्य पालन क्षेत्र की चुनौतियों को लेकर मुख्यमंत्री ने एक संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें मछली पालक किसान, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि और एक्वा फीड निर्माता शामिल होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन सरकार की प्राथमिकता किसानों को मौसम और बाजार से जुड़ी मुश्किल परिस्थितियों में हर संभव सहायता देना है. इस समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री के. अच्चन्नायडू, मुख्य सचिव साई प्रसाद तथा कृषि, बागवानी और वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.