UP में धान खरीद को लेकर गजब का उत्साह, 137166 किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन.. अभी तक इतनी हुई खरीदी

उत्तर प्रदेश में धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह है. अब तक 1.37 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया है. सरकार ने 4,000 खरीद केंद्रों का लक्ष्य रखा है. सामान्य धान का एमएसपी 2,369 और ग्रेड-ए का 2,389 रुपये तय हुआ है। किसानों को भुगतान 48 घंटे में मिलेगा.

नोएडा | Published: 24 Oct, 2025 | 11:53 AM

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में धान खरीदी को लेकर किसानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इसका अंदाजा आंकड़ों से लगाया जा सकता है. अभी तक एक लाख से अधिक किसान धान खरीदी के लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं. वर्ष 202526 की धान खरीद सीजन के लिए किसानों का रजिस्ट्रेशन 1 सितंबर से शुरू हुआ था. 23 अक्टूबर दोपहर तक 1,37,166 किसानों ने रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया. खास बात यह है कि इस बार राज्य सरकार ने प्रदेश में धान खरीदारी करने के लिए 4,000 खरीद केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से 3,790 केंद्र पहले से ही शुरू हो चुके हैं. इन केंद्रों पर किसानों से धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है, जिससे उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है.

खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार, किसान बड़ी संख्या में धान बिक्री के लिए पंजीकरण  करा रहे हैं. रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया वेबसाइट www.fcs.up.gov.in और UP किसान मित्र मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा रही है. इसके लिए ओटीपी-आधारित सिंगल रजिस्ट्रेशन सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें किसान अपने मोबाइल पर आए ओटीपी को डालकर आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. किसानों को भुगतान सीधे उनके आधार-लिंक बैंक खातों में किया जा रहा है.

60 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़ और झांसी मंडलों में धान की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है. इसके अलावा लखनऊ मंडल के हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों में भी धान खरीदी जारी है. योगी सरकार  ने इस बार 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है. सिर्फ 23 दिनों में 35,630 मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीद हो चुकी है.

48 घंटे के भीतर खातों में होगा भुगतान

डबल इंजन सरकार ने इस साल धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाया है. सामान्य धान का एमएसपी  2,369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2,389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. साथ ही, सरकार ने निर्देश दिए हैं कि किसानों को भुगतान 48 घंटे के भीतर उनके खातों में कर दिया जाए.

धानों में 17 फीसदी तक होती है नमी

धान खरीद केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहते हैं. जिन धानों में 17 फीसदी तक नमी होती है, उन्हें खरीद के लिए योग्य माना जा रहा है. सरकार ने कैबिनेट बैठक में पूरे प्रदेश में 4,000 खरीद केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा था, जिनमें से 3,790 केंद्र पहले ही शुरू हो चुके हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में धान की खरीद  1 नवंबर से शुरू होगी. इसमें चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज मंडल शामिल हैं. इसी तरह, लखनऊ मंडल के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिलों में भी धान की खरीद 1 नवंबर से 28 फरवरी 2026 तक की जाएगी.

Topics: