रेतीले तूफान के बाद मौसम की बेरुखी से किसानों को नुकसान, पशु चारे का संकट गहराया

मौसम विभाग ने आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. वहीं, दूसरी ओर पश्चिमी और सीमावर्ती जिलों में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है. क्षेत्र में चारे और पानी की कमी के कारण पशुधन भी गर्मी की मार झेल रहा है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Published: 31 May, 2026 | 01:13 PM

राजस्थान में भयंकर रेतीले तूफान से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. वहीं, बागवानी फसलों के साथ ही दलहन फसलों को नुकसान पहुंचा है. वहीं, सीमावर्ती हिस्सों में हिस्सों पशुओं के लिए पानी-चारे का संकट गहराता जा रहा है. कुछ जगहों में पेड़ों की टहनियां टूटने और बिजली के पोल और तार टूटने से आपूर्ति ठप हो गई है. जयपुर मौसम केंद्र ने कहा है कि मौसम में बदलाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा. तेज आंधी के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है. किसानों और लोगों को सलाह दी गई है कि 80 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली हवाओं से किसान खुद का पशुओं का बचाव करें.

80 किलोमीटर की रफ्तार से आया रेतीला तूफान

राजस्थान के सीमावर्ती और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में बीते दिन दोपहर अचानक आए रेतीले तूफान से जनजीवन प्रभावित हुआ है. श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर जिलों में तेज धूलभरी आंधी के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया. मौसम के अचानक बदले इस मिजाज से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
रेतीले तूफान की शुरुआत हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर क्षेत्र से हुई, जिसके बाद इसका प्रभाव आसपास के जिलों तक फैल गया. कई स्थानों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई.

धूल भरी आंधी में उखड़ गए बिजली के पोल

धूल का गुबार छा जाने से लोगों को दिन के समय ही वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग तेज आंधी से बचने के लिए घरों और दुकानों की ओर भागते नजर आए. तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल धराशायी हो गए. कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की सूचना है. राजधानी जयपुर में भी शाम को बादल छाये रहे, धूलभरी आंधी चली और कहीं-कहीं बारिश हुई.

आंधी-तूफान का दौर कुछ दिन जारी रहने का अलर्ट

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पिछले दो दिनों से जारी आंधी-बारिश से ज्यादातर स्थानों पर दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम केन्द्र जयपुर ने आज करीब 30 जिलों के लिए आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने के आसार जताये हैं. केन्द्र ने आंधी ओर तेज हवाओं, बिजली चमकने के समय लोगों से सतर्कता बरतने की सलाह दी है. आंधी-बारिश का ये दौर अगले तीन-चार दिन जारी रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के निदेशक ने कहा – सीमावर्ती जिलों में पशुओं के लिए चारे का संकट

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर सहित आठ शहरों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने जारी अपडेट में कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज और कल जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में मेघगर्जन, आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. वहीं दूसरी ओर पश्चिमी और सीमावर्ती जिलों में भीषण गर्मी का दौर बना हुआ है. क्षेत्र में चारे और पानी की कमी के कारण पशुधन भी गर्मी की मार झेल रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़