Gold Rate: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर.. एक हफ्ते में 9,430 रुपये उछला सोना, जानें अपने शहर का ताजा रेट

Gold Silver Rate Today: मिडिल ईस्ट में इजराइल-ईरान युद्ध के कारण वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ गई है, जिसका सीधा असर सोने की कीमतों पर पड़ा है. एक हफ्ते में 24 कैरेट सोना ₹9,430 तक महंगा हो गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने 5,390 डॉलर प्रति औंस का स्तर छू लिया है. वहीं चांदी की कीमतों में भी भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 2 Mar, 2026 | 12:52 PM

Gold Rate Today: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध तनाव का सीधा असर अब भारतीय सराफा बाजार पर साफ दिखने लगा है. इजराइल-ईरान संघर्ष के चलते निवेशकों ने सुरक्षित निवेश विकल्प की ओर रुख किया है, जिसका सबसे बड़ा फायदा सोने को मिला है. 2 मार्च की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,73,240 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया. वहीं मुंबई में इसकी कीमत 1,73,090 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई.

मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में ही 24 कैरेट सोना 9,430 रुपये महंगा हो चुका है. 22 कैरेट सोने में भी 8,550 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी जारी है और शुरुआती कारोबार में सोना 2 प्रतिशत से अधिक उछलकर 5,390 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया.

क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?

28 फरवरी 2026 को इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ एयर स्ट्राइक की घोषणा के बाद हालात तेजी से बिगड़े. कुछ ही घंटों में ईरान ने मिसाइल और ड्रोन हमलों से जवाब दिया. क्षेत्र के कई अन्य देशों तक तनाव फैल गया. इस अस्थिर माहौल में निवेशक जोखिम भरे बाजारों से पैसा निकालकर सोने जैसे सुरक्षित विकल्पों में निवेश करने लगते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर संघर्ष लंबा चला तो सोने और चांदी की कीमतों में और उछाल देखने को मिल सकता है.

पिछले कारोबारी दिन सोने-चांदी के दाम

26 फरवरी 2026 की शाम को भारतीय बुलियन और ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) ने सोने और चांदी के दरों के अनुसार शुद्ध सोना (999) का भाव 15,802 रुपये प्रति ग्राम रहा. 22 कैरेट सोना 15,423 रुपये, 20 कैरेट 14,064 रुपये और 18 कैरेट सोना 12,800 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से दर्ज किया गया. वहीं 14 कैरेट सोने की कीमत 10,192 रुपये प्रति ग्राम रही. इसके अलावा शुद्ध चांदी (999) का भाव 2,60,667 रुपये प्रति किलोग्राम बताया गया है. ये दरें संकेतात्मक खुदरा बिक्री मूल्य हैं, जिनमें स्थानीय कर और बनाने के शुल्क अलग से जुड़ सकते हैं.

देश के प्रमुख शहरों में आज का गोल्ड रेट

  • दिल्ली: दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,73,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है, जबकि 22 कैरेट का भाव 1,58,810 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है.
  • मुंबई, चेन्नई और कोलकाता: इन महानगरों में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,73,090 रुपये प्रति 10 ग्राम है. 22 कैरेट सोना 1,58,660 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है.
  • पुणे और बेंगलुरु: पुणे और बेंगलुरु में भी 24 कैरेट सोना 1,73,090 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट 1,58,660 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है.

अन्य शहरों के भाव

  • अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना 1,73,140 रुपये और 22 कैरेट 1,58,710 रुपये है.
  • जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में 24 कैरेट का रेट 1,73,240 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,58,810 रुपये है.
  • भोपाल में 24 कैरेट 1,73,140 रुपये और 22 कैरेट 1,58,710 रुपये है.
  • हैदराबाद में 24 कैरेट 1,73,090 रुपये और 22 कैरेट 1,58,660 रुपये दर्ज किया गया है.

चांदी की कीमत में उतार-चढ़ाव

सोने के मुकाबले चांदी में हल्की गिरावट देखने को मिली है. 2 मार्च की सुबह चांदी का भाव 2,94,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर है. हालांकि बीते एक सप्ताह में चांदी करीब 20,000 रुपये महंगी हुई है. 27 फरवरी को दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी 2,500 रुपये की गिरावट के साथ 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी.

विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक मिडिल ईस्ट में तनाव बना रहेगा, तब तक सोने की कीमतों में मजबूती बनी रह सकती है. निवेशकों के लिए यह समय सतर्कता से फैसले लेने का है. अगर वैश्विक हालात और बिगड़ते हैं तो सोना नए रिकॉर्ड स्तर छू सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

तोरई की अच्छी पैदावार के लिए क्या जरूरी है?

लेटेस्ट न्यूज़