हरियाणा में आज किसानों का बड़ा आंदोलन, चक्का जाम से थम सकती है रफ्तार… जानिए क्या है पूरा मामला

किसान संगठनों ने पहले सरकार को अपनी मांगों पर विचार करने के लिए 10 अप्रैल तक का समय दिया था. लेकिन जब कोई ठोस फैसला नहीं हुआ, तो उन्होंने आंदोलन का रास्ता चुना. इसी के तहत आज यानी 11 अप्रैल को राज्यभर में चक्का जाम करने का ऐलान किया गया है.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 11 Apr, 2026 | 09:57 AM

हरियाणा में आज का दिन आम लोगों के लिए थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है. वजह है किसानों का बड़ा आंदोलन, जिसमें पूरे राज्य में चक्का जाम का ऐलान किया गया है. किसान संगठनों ने संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले हर जिले में एक-एक नेशनल हाईवे जाम करने की योजना बनाई है. ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं, तो पहले ट्रैफिक और हालात की जानकारी जरूर ले लें.

क्यों सड़कों पर उतरे किसान

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किसानों का यह विरोध अचानक नहीं है, बल्कि इसके पीछे लंबे समय से चल रही नाराजगी है. किसान रबी सीजन में फसल खरीद के नए नियमों का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि सरकार ने बिना उनसे सलाह लिए कई नई शर्तें लागू कर दी हैं, जिससे उन्हें मंडियों में अपनी फसल बेचने में दिक्कत हो रही है.

किसानों के मुताबिक, अब फसल बेचने के लिए ट्रैक्टर का गेट पास, बायोमेट्रिक सिस्टम और अन्य कई प्रक्रियाएं लागू कर दी गई हैं, जिससे समय और मेहनत दोनों बढ़ गई हैं. इसके अलावा, किसानों का आरोप है कि खरीद प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ियों का बोझ भी उन्हीं पर डाला जा रहा है.

सरकार को दिया था समय

किसान संगठनों ने पहले सरकार को अपनी मांगों पर विचार करने के लिए 10 अप्रैल तक का समय दिया था. लेकिन जब कोई ठोस फैसला नहीं हुआ, तो उन्होंने आंदोलन का रास्ता चुना. इसी के तहत आज यानी 11 अप्रैल को राज्यभर में चक्का जाम करने का ऐलान किया गया है. इसके साथ ही किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मंडियों में फसलों की तौल बंद रखने का भी फैसला लिया है.

पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

किसानों के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है. पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सभी जिलों को विशेष निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए. हर जिले में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. मंडियों के बाहर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.

आम लोगों पर पड़ेगा असर

इस आंदोलन का सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ सकता है. नेशनल हाईवे जाम होने से लंबा जाम लग सकता है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो सकती है. हालांकि किसानों ने यह साफ किया है कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को रास्ता दिया जाएगा, लेकिन सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है.

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर लें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे किसान नेताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखें, ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो सके.

किसानों की मजबूरी या रणनीति

किसानों का कहना है कि वे मजबूरी में सड़कों पर उतर रहे हैं, क्योंकि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा. वहीं प्रशासन का कहना है कि विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

तरबूज की खेती किस सीजन में की जाती है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
विटामिन सी
विजेताओं के नाम
राजेश श्रीवास्तव, सिद्धार्थ नगर, उत्तर प्रदेश

लेटेस्ट न्यूज़