5,376 रुपये बाजार भाव से परेशान किसानों को राहत, हरियाणा-तेलंगाना में MSP पर होगी सूरजमुखी खरीद

हरियाणा और तेलंगाना सरकार ने सूरजमुखी किसानों को बड़ी राहत दी है. हरियाणा में खरीद प्रक्रिया तय समय से पहले शुरू कर दी गई है, जबकि तेलंगाना सरकार MSP पर खरीद करेगी. बाजार में कम दाम मिलने से परेशान किसानों को इन फैसलों से आर्थिक सहारा मिलने और उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद बढ़ी है.

नोएडा | Published: 27 May, 2026 | 01:02 PM

Sunflower MSP Purchase: सूरजमुखी उत्पादक किसानों के लिए हरियाणा और तेलंगाना सरकार ने बड़ी राहत देने वाले फैसले किए हैं. हरियाणा सरकार ने रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के तहत सूरजमुखी की खरीद तय तारीख से एक सप्ताह पहले शुरू करने का फैसला लिया है. अब मंडियों में खरीद 1 जून के बजाय 25 मई से शुरू हो चुकी है. वहीं तेलंगाना सरकार ने बाजार में गिरते दामों को देखते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद करने का निर्णय लिया है. दोनों राज्यों के इन फैसलों से किसानों को बड़ा आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है.

किसानों की मांग पर हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा (Shyam Singh Rana) के अनुसार, कई जिलों में सूरजमुखी की फसल  तैयार हो चुकी है और किसान लंबे समय से खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग कर रहे थे. किसानों की समस्याओं और मौसम की स्थिति को देखते हुए सरकार ने खरीद तिथि पहले करने का फैसला लिया. सरकार का कहना है कि अगर खरीद में देरी होती तो किसानों को फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता था. इसलिए मंडियों में समय से पहले खरीद शुरू कर किसानों को राहत देने का प्रयास किया गया है. कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है और MSP पर खरीद पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी.

मंडियों में विशेष इंतजाम और कई एजेंसियां तैनात

खरीद प्रक्रिया  को सुचारू बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने मंडियों में विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं. मंडियों में तौल, उठान, भुगतान और किसानों के बैठने जैसी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है. सरकार ने खरीद केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ तैनात करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े. इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB), हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (HSWC), हैफेड, नाफेड और NCCF जैसी एजेंसियों को सौंपी गई है. सरकार का दावा है कि हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है, जहां केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित सभी 24 फसलों की MSP पर खरीद सुनिश्चित की जाती है.

तेलंगाना सरकार ने भी किसानों को दिया सहारा

हरियाणा की तरह तेलंगाना सरकार ने भी सूरजमुखी किसानों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. राज्य में बाजार भाव MSP से काफी नीचे चले जाने के बाद सरकार ने किसानों की उपज खरीदने का निर्णय लिया है. तेलंगाना के कृषि मंत्री तुम्माला नागेश्वर राव (Tummala Nageswara Rao) के अनुसार, केंद्र सरकार से आर्थिक सहयोग की मांग की गई थी, लेकिन सकारात्मक जवाब नहीं मिलने के बाद राज्य सरकार ने अपने स्तर पर खरीद शुरू करने का फैसला किया. राज्य में फिलहाल सूरजमुखी का बाजार भाव लगभग 5,376 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है, जबकि MSP 7,721 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. ऐसे में MSP पर खरीद से किसानों को सीधा फायदा मिलेगा.

किसानों को मिलेगा आर्थिक सहारा

विशेषज्ञों का मानना है कि हरियाणा और तेलंगाना सरकार के ये फैसले किसानों को बाजार की अनिश्चितता और कम कीमतों से राहत देंगे. हरियाणा ने समय से पहले खरीद शुरू कर किसानों को इंतजार से बचाया है, जबकि तेलंगाना ने MSP लागू कर किसानों को घाटे से बचाने का कदम उठाया है. इन फैसलों से सूरजमुखी उत्पादक किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद बढ़ी है. साथ ही यह संदेश भी गया है कि राज्य सरकारें किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं और समय पर राहत देने की कोशिश कर रही हैं.

Topics: