शिवराज का ऐलान, दाल मिल खोलने पर 25 लाख की सब्सिडी, दाल उगाने वाले को प्रति हेक्टेयर फ्री में मिलेंगे 10 हजार
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में हर राज्य के साथ मिलकर कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा, ताकि किसानों की जिन्दगी में खुशहाली लाई जा सके. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंटीग्रेटेड फार्मिंग को बढ़ावा दिया जाएगा.
Agriculture News: दलहन की खेती करने वाले किसानों के लिए खुशखबरी है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि दलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर बनाया जाएगा. इस क्लस्टर के अंदर आने वाले किसानों को बीज के कीट दिए जाएंगे. साथ ही प्रति हेक्टेयर 10 हजार रुपये दिए जाएंगे, ताकि वे अच्छी तरह से खेती कर सकें. खास बात यह है कि केंद्र सरकार किसानों के सहयोग से बीज ग्राम बनाएगी. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हर राज्य में बीज ग्राम बनाए जाएंगे. बीज ग्राम के अंदर बीज हब बनाए जाएंगे. साथ ही दाल मिल खोलने के लिए 25 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि इस बीज ग्राम के अंदर किसानों को बीज कीट और 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. साथ ही दलहन की खेती करने के लिए किसानों को ट्रेनिंग भी मिलेगी. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान करते हुए कहा है कि सरकार अब बीज से लेकर बाजार तक की चिंता करेगी. उन्होंने कहा कि अगर क्लस्टर के अंदर कोई दाल मिल लगाना चाहेगा, तो इसके लिए केंद्र सरकार 25 लाख रुपये की सब्सिडी देगी. उन्होंने कहा कि दलहन मिशन के तहत पूरे एक हजार दाल मिलें खोली जाएंगी. इसमें से 55 दाल मिलें मध्य प्रदेश में खुलेंगी.
दाल मिलें खुलने से किसानों को काफी फायदा होगा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि क्लस्टर के अंदर दाल मिलें खुलने से किसानों को काफी फायदा होगा. क्लस्टर के अंदर ही उत्पादन के बाद दाल सेल हो जाएगी. इससे किसानों को उचित कीमत मिलेगी. उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने इस वर्ष को कृषक वर्ष घोषित किया है. उन्होंने कहा कि कृषक वर्ष के तहत किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र कंधे से कंधे मिलाकर राज्य को सहयोग करेगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दाल के साथ तिलहन और प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है.
8000 रुपये क्विंटल तुअर दाल की होगी खरीगी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में हर राज्य के साथ मिलकर कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा, ताकि किसानों की जिन्दगी में खुशहाली लाई जा सके. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंटीग्रेटेड फार्मिंग को बढ़ावा दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि दलहन की खेती करने करने वाले किसानों को उनके उत्पाद के चित रेट मिले, इसके लिए सरकार 100 फीसदी पैदावार की खरीद करेगी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार मध्य प्रदेश सरकार के साथ मिलकर 8000 रुपये क्विंटल तुअर दाल खरीदेगी. इसी तरह उड़द दाल 7800 रुपये क्विंटल, चना 5875 रुपये क्विंटल और मसूर 7000 रुपये क्विंटल खरीदे जाएंगे.
अमेरिका-भारत कृषि समझौते से किसानों को काफी फायदा
दरअसल, मध्य प्रदेश के सीहोर में आयोजित राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत राष्ट्रीय परामर्श और रणनीति सम्मेलन के आयोजन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि अमेरिका-भारत कृषि समझौते से किसानों को काफी फायदा होगा. उन्होंने कहा कि इस समझौते में भारतीय किसानों के हितों को संरक्षित किया गया है. उनके मुताबिक, अमेरिका से किसी ऐसी चीज को नहीं आने दिया जाएगा, जिससे भारती किसान को नुकसान पहुंचे.