किसान नेता गुरुनाम सिंह चढूनी को पुलिस ने छोड़ा, कृषि मंत्री को चिट्ठी सौंप लौटे किसान, आंदोलन की दिनभर की अपडेट पढ़ें

भारत-अमेरिका FTA के विरोध में किसानों के दिल्ली मार्च से पहले पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है. शंभू बॉर्डर पर BNS की धारा 163 लागू है. वहीं, किसान घाट पहुंचे किसान नेता सरदार वीएम सिंह समेत कई किसानों को हिरासत में लिया गया. किसानों का आरोप है कि उन्हें शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से भी रोका जा रहा है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 21 Jul, 2026 | 04:36 PM

Desh Bachao Morcha Protest Kisan Ghat Delhi: भारत-अमेरिका के प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में किसानों के दिल्ली मार्च से पहले पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. दिल्ली की सीमाओं और शंभू बॉर्डर पर कड़े इंतजाम किए गए हैं. शंभू बॉर्डर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके. वहीं, किसान घाट पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे किसान नेता सरदार वीएम सिंह समेत कई किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. इसी बीच खबर है कि हरियाणा पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को रिहा कर दिया है. उन्हें सोमवार को हिरासत में लिया गया था. रिहाई के बाद शंभू बॉर्डर पर मौजूद कई किसान वापस लौटने लगे हैं. किसान नेताओं का कहना है कि चढ़ूनी की रिहाई से आंदोलन में शामिल किसानों का मनोबल बढ़ा है.

वहीं, हरियाणा में किसानों को दिल्ली जाने से रोकने और पंजाब से लगी सीमाएं सील करने को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार की आलोचना की है. पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी मांगें जायज हैं. उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उसकी तुलना में उचित आमदनी नहीं मिल रही. हुड्डा ने सरकार से किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की.

भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है

किसानों के दिल्ली मार्च के चलते चंडीगढ़-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर मंगलवार शाम तक लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है. शंभू बॉर्डर के पास लगाए गए प्रतिबंध और ट्रैफिक डायवर्जन की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है. सबसे ज्यादा असर लालरू से लेहली के बीच देखने को मिला, जहां सुबह से कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा और वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए.

भूपेश बघेल ने साधा निशाना

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने पंजाब के किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को नुकसान होगा. बघेल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम कर रही है और हर बात पर सहमति जता रही है.

गतिरोध बातचीत से खत्म होना चाहिए

किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि किसानों और सरकार के बीच चल रहा गतिरोध बातचीत से खत्म होना चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और डिप्टी कमिश्नर जल्द किसान नेताओं से बातचीत करेंगे. पंढेर ने कहा कि सरकार बातचीत के लिए सकारात्मक नजर आ रही है और बैठक के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि हिरासत में लिए गए किसानों की रिहाई का मुद्दा भी सुलझने की उम्मीद है. उनका कहना है कि किसान किसी सरकार से टकराव नहीं चाहते और सभी मुद्दों का समाधान शांतिपूर्ण बातचीत से चाहते हैं.

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों के प्रदर्शन पर सरकार की आलोचना की

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों के प्रदर्शन पर सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान सरकार ने MSP की कानूनी गारंटी समेत किसानों की कई मांगें मानने का वादा किया था, लेकिन अब तक उनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया है.

हिरासत में रागिनी गा रहे किसान नेता

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में हिरासत में रखे गए राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी और किसान समय बिताने के लिए रागिनी गाते नजर आए. गिरफ्तारी के बाद उन्होंने गीत गाकर अपना समय बिताया.

पूर्व सांसद राजू शेट्टी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया

स्वाभिमान पक्ष के संस्थापक और पूर्व सांसद राजू शेट्टी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. इसके अलावा, पुलिस ने किसानों को दो बसों में भरकर भी हिरासत में लिया और उन्हें दूसरे स्थानों पर ले जाया गया.

पानीपत में किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए प्रशासन अलर्ट

हरियाणा के पानीपत में किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है. पानीपत टोल प्लाजा पर हरियाणा पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात किए गए हैं. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है और अब तक कोई किसान टोल प्लाजा पर नहीं पहुंचा है.

किसानों के दिल्ली मार्च को लेकर हरियाणा पुलिस और प्रशासन की बैठक

किसानों के दिल्ली मार्च को लेकर हरियाणा पुलिस और प्रशासन ने करीब 45 मिनट बाद फिर बैठक की. बैठक में तय किया गया कि अगली बातचीत अंबाला के उपायुक्त (DC) और हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ हो सकती है. प्रशासन ने किसान नेताओं को भरोसा दिलाया कि हिरासत में लिए गए सभी नेताओं को शाम तक रिहा कर दिया जाएगा.

हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर सील किया – सरवन सिंह पंढेर

पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में महापंचायत में शामिल होने दिल्ली जा रहे किसानों को रोकने के लिए शंभू बॉर्डर पर अवरोधक लगाए जाने को लेकर मंगलवार को हरियाणा सरकार की आलोचना की.

बैरिकेड और कंक्रीट स्लैब से सारा हरियाणा बंद कर दिया- रमनदीप

किसान नेता रमनदीप सिंह मान ने किसान इंडिया से बात करते हुए कहा कि भारत- अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली किसान रैली में किसानों को रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने बैरिकेड और कंक्रीट स्लैब से सारा हरियाणा बंद कर दिया है. साथ ही शंभू और खनौरी बॉर्डर बंद कर दिए हैं. दिल्ली पुलिस ने दिल्ली एंट्री पर बैरिकेड लगा दिए. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की बात सुनने से भाग रही है.

किसानों की तरह छात्रों के प्रति भी मोदी सरकार असंवेदनशील : कांग्रेस

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार किसानों की तरह लाखों छात्रों और युवाओं की गंभीर चिंताओं के प्रति भी ‘‘असंवेदनशील और उदासीन’’ है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह दावा भी किया कि ठीक एक साल पहले तत्कालीन उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को उनके पांच साल के कार्यकाल के तीन वर्ष बाद ‘‘इस्तीफा देने के लिए मजबूर’’ किया गया था.

किसानों को बवाना के राजीव गांधी स्टेडियम और बुराडी पार्क ले गई

  • दिल्ली के किसान घाट से पुलिस ने कई किसानों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए बवाना के राजीव गांधी स्टेडियम और दिल्ली के अन्य थानों में भेजा. इस दौरान किसानों ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘ट्रेड डील रद्द करो’ जैसे नारे लगाए.
  • हरियाणा सरकार ने किसानों से बातचीत के लिए सहमति दे दी है. राज्य के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा जल्द ही किसान नेताओं से मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा करेंगे.
  • देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में यमुनानगर से सैकड़ों किसान दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं.  जिले के अलग-अलग गांवों से किसान जत्थों में दिल्ली कूच कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि वे किसान घाट पर देशभर के किसान संगठनों के साथ मिलकर केंद्र सरकार की नीतियों और प्रस्तावित ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे.
  • दिल्ली कूच कर रहे किसानों को हरियाणा के कई इलाकों में पुलिस ने रोक दिया है. कुरुक्षेत्र के शाहाबाद स्थित मारकंडा के पास बैरिकेड लगाकर किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है. वहीं, सोनीपत के सिंघू बॉर्डर पर भी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भारी सुरक्षा बल तैनात किया है. सुरक्षा व्यवस्था के कारण आवाजाही प्रभावित हुई है और लोगों को आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है.
  • दिल्ली कूच कर रहे किसानों को हरियाणा पुलिस ने खनौरी के पास भी रोक दिया है. भारतमाला-जम्मू-कटड़ा एक्सप्रेसवे पर किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए भारी बैरिकेडिंग की गई है. इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की तैनाती भी बढ़ाई गई है.
  • शंभू बॉर्डर पर आगे की रणनीति तय करने से पहले किसान नेताओं की हरियाणा के एसपी (पुलिस अधीक्षक) से बातचीत होगी. इस बैठक में दिल्ली और हरियाणा में हिरासत में लिए गए किसानों की रिहाई का मुद्दा उठाया जाएगा. इसके बाद किसान नेता केंद्रीय कृषि मंत्री से बातचीत करेंगे। किसानों का कहना है कि उन्हें दिल्ली जाने से क्यों रोका जा रहा है और बंद किए गए रास्ते तुरंत खोले जाने चाहिए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Jul, 2026 | 10:33 AM

लेटेस्ट न्यूज़