किसानों की कमाई की गारंटी! सरकार की इस योजना से मिलेगी फसल का पूरी MSP, नहीं होगा नुकसान

Government Schemes: पीएम आशा योजना किसानों के लिए एक सुरक्षा योजना है, जिसका उद्देश्य उन्हें उनकी फसल का सही दाम यानी MSP दिलाना है. बाजार में कीमत गिरने पर सरकार किसानों से सीधे फसल खरीदती है या अंतर राशि उनके बैंक खाते में भेजती है. इस योजना में PSS, PDPS और निजी भागीदारी जैसे तीन विकल्प शामिल हैं, जिससे किसानों को नुकसान से बचाया जा सके.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 29 May, 2026 | 07:02 AM

PM Aasha Yojana: भारत में किसान अक्सर मौसम की मार और बाजार में फसल के दाम गिरने की वजह से नुकसान झेलते हैं. कई बार अच्छी फसल होने के बावजूद सही कीमत न मिलने से उनकी लागत भी पूरी नहीं हो पाती. इसी समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा योजाना) की शुरुआत की है. यह योजना किसानों के लिए एक तरह का सुरक्षा कवच बनकर सामने आई है, जिसका उद्देश्य उन्हें उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाना है.

पीएम आशा योजाना क्या है?

यह योजना किसानों को उनकी फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी देने पर आधारित है. यानी अगर बाजार में दाम कम हो जाते हैं, तब भी किसान को नुकसान नहीं होगा. सरकार सीधे या अंतर राशि देकर किसानों की आय को सुरक्षित करती है. इस योजना के जरिए किसानों को बाजार की अनिश्चितता से राहत मिलती है और उनकी आमदनी स्थिर रहती है.

योजना कैसे काम करती है?

पीएम आशा योजाना तीन मुख्य तरीकों से किसानों की मदद करती है:

मूल्य समर्थन योजना

इसमें जब बाजार में दाम गिर जाते हैं, तो सरकारी एजेंसियां सीधे किसानों से दाल, तिलहन और खोपरा जैसी फसलों को MSP पर खरीदती हैं. इससे किसानों को सही कीमत मिलती है.

मूल्य न्यूनता भुगतान योजना

इस व्यवस्था में किसान अपनी फसल खुले बाजार में बेच सकते हैं. अगर उन्हें MSP से कम दाम मिलता है, तो सरकार अंतर की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेज देती है.

निजी भागीदारी

तिलहन जैसी फसलों के लिए निजी कंपनियों को भी शामिल किया गया है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए ज्यादा विकल्प मिल सकें और उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.

योजना का लाभ कैसे लें?

इस योजना का फायदा उठाने के लिए किसानों को फसल कटाई से पहले या उसके बाद रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होता है.

रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान है और इसे किसान:

  • कॉमन सर्विस सेंटर (CSC)
  • या कृषि विभाग के कार्यालय

के जरिए करवा सकते हैं.

जरूरी दस्तावेज

आवेदन के समय किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज देने होते हैं, जैसे:

  • आधार कार्ड
  • बैंक खाता पासबुक
  • मोबाइल नंबर
  • जमीन के दस्तावेज (खसरा-खतौनी)

रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद जैसे ही सरकारी खरीद केंद्र शुरू होते हैं, किसानों को उनके मोबाइल पर सूचना मिल जाती है. इसके बाद वे बिना किसी बिचौलिए के सीधे अपनी फसल बेच सकते हैं और पूरा भुगतान उनके बैंक खाते में पहुंच जाता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़