शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में गेहूं खरीद की समीक्षा की, अचानक सख्त कार्रवाई का दिया आदेश

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुछ सर्वेयरों के खिलाफ शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद 34 को हटा दिया गया और विदिशा जिले में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए कलेक्टर कार्यालयों में कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा. जिला अनुसार जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि विदिशा में 87,913 पंजीकृत किसानों में से 72,027 किसानों ने स्लॉट बुक कर लिया है.

Kisan India
नोएडा | Published: 3 May, 2026 | 06:45 AM

Madhya Pradesh wheat procurement: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मध्य प्रदेश के विदिशा लोकसभा क्षेत्र में गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया जारी है और रायसेन, विदिशा, सीहोर और देवास जिलों में व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है. उन्होंने लापरवाही या गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि किसानों के साथ खड़ा रहना सरकार की जिम्मेदारी है.

चौहान ने कहा कि 80 प्रतिशत से ज्यादा किसानों ने स्लॉट बुकिंग कर ली है और सत्यापन से जुड़ी समस्याएं भी सुलझा ली गई हैं. साथ ही, खरीद केंद्रों पर तौल क्षमता बढ़ाकर 2,250 क्विंटल प्रतिदिन कर दी गई है और तौल मशीनों की संख्या भी बढ़ाई गई है. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सभी खरीद केंद्रों पर अगले तीन दिनों के लिए पर्याप्त मात्रा में बोरियां (गननी बैग) उपलब्ध करा दी गई हैं. उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से पैदा हुआ हर एक दाना खरीदा जाएगा.

विदिशा जिले में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ सर्वेयरों के खिलाफ शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद 34 को हटा दिया गया और विदिशा जिले में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए कलेक्टर कार्यालयों में कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा. जिला अनुसार जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि विदिशा में 87,913 पंजीकृत किसानों में से 72,027 किसानों ने स्लॉट बुक  कर लिया है और 36,442 किसानों से 1.99 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है.

रायसेन जिले में 77,117 किसानों में से 68,639 किसानों ने स्लॉट बुक कर लिया है और 32,374 किसानों से 1.80 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूं की खरीद  की गई है. इसी तरह सीहोर में 51,719 किसानों से 2.73 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है, जबकि देवास में 31,035 किसानों से 1.48 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है. शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद इस साल गेहूं खरीद का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है.

10 मई से ‘मामा कोचिंग क्लासेज’ शुरू

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो. शिवराज सिंह चौहान, जिन्हें उनके समर्थक प्यार से ‘मामा’ कहते हैं, ने कहा कि विदिशा में 10 मई से ‘मामा कोचिंग क्लासेज’ शुरू की जाएंगी. इसका उद्देश्य छात्रों को शिक्षा और रोजगार के लिए मार्गदर्शन देना है.

चुनिंदा छात्रों को ऑफलाइन कोचिंग दी जाएगी

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत चुनिंदा छात्रों को ऑफलाइन कोचिंग दी जाएगी, जबकि बाकी छात्रों को ऑनलाइन सहायता और करियर काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी. चौहान ने यह भी कहा कि जल्द ही इसी तरह की कोचिंग सुविधाएं रायसेन में भी शुरू की जाएंगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 3 May, 2026 | 06:45 AM
ज्ञान का सम्मान क्विज

खरीफ सीजन में सबसे ज्यादा उगाई जाने वाली फसल कौन सी है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
2585 रुपये प्रति क्विंटल
विजेताओं के नाम
रंजीत महतो- विष्णुपुर, हजारीबाग, झारखंड

लेटेस्ट न्यूज़