धान और गन्ना किसानों को बड़ी राहत, तमिलनाडु सरकार ने खरीद मूल्य बढ़ाया, जानें नई कीमत

Tamil Nadu News: तमिलनाडु सरकार ने धान और गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए सरकारी खरीद पर मिलने वाला प्रोत्साहन बढ़ा दिया है. धान की कुल खरीद कीमत 2,600 से 2,750 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने की कीमत बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति टन कर दी गई है. नई दरें धान खरीद सीजन शुरू होने के साथ लागू होंगी.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 10 Aug, 2026 | 03:38 PM

Paddy-Sugarcane Procurement: तमिलनाडु में धान और गन्ना उगाने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने धान और गन्ने की सरकारी खरीद पर मिलने वाले प्रोत्साहन में बड़ी बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने विधानसभा में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति फिलहाल बहुत अच्छी नहीं है, इसके बावजूद किसानों के हित को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. तमिलनाडु के सीएम विजय का कहना है कि, खेती करने वाले किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलना जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए धान और गन्ने के लिए राज्य की ओर से मिलने वाली अतिरिक्त राशि बढ़ाई गई है.

धान किसानों को अब मिलेगा ज्यादा दाम

तमिलनाडु में धान की सरकारी खरीद का नया सीजन 1 सितंबर से शुरू होने वाला है. केंद्र की ओर से तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अलावा राज्य सरकार किसानों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी. बारीक यानी फाइन ग्रेड धान के लिए राज्य का प्रोत्साहन बढ़ाकर 289 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है. इसके बाद किसान को कुल 2,750 रुपये प्रति क्विंटल की खरीद कीमत मिलेगी. वहीं, सामान्य यानी कॉमन ग्रेड धान के लिए राज्य सरकार 159 रुपये प्रति क्विंटल का प्रोत्साहन देगी. इस तरह इसकी कुल खरीद कीमत 2,600 रुपये प्रति क्विंटल होगी. सरकार के मुताबिक, एक साल में धान के लिए प्रोत्साहन राशि में 156 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी पहली बार की गई है.

गन्ना किसानों के लिए भी बड़ा ऐलान

धान के साथ गन्ना किसानों को भी सरकार ने राहत दी है. गन्ने के लिए राज्य सरकार ने प्रोत्साहन राशि में 709 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. इस बढ़ोतरी के बाद तमिलनाडु में किसानों को गन्ने की खरीद के लिए कुल 4,000 रुपये प्रति टन मिलेंगे. सरकार के अनुसार, यह बढ़ोतरी किसानों की आमदनी को सहारा देने और खेती को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई है.

एक साल में ही बड़ा इजाफा

मुख्यमंत्री ने बताया कि, पिछले पांच साल में गन्ने के लिए मिलने वाले विशेष प्रोत्साहन में केवल 156 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. लेकिन अब पहले ही साल में इसमें 360.5 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी की गई है. केंद्र सरकार ने 2025-26 के पेराई सीजन के लिए चीनी मिलों में पंजीकरण कराकर गन्ना पहुंचाने वाले किसानों के लिए 3,290.50 रुपये प्रति टन की राशि तय की है. इसके ऊपर तमिलनाडु सरकार अपनी ओर से 709.5 रुपये प्रति टन का विशेष प्रोत्साहन देगी.

सरकार बोली – किसानों के साथ खड़े हैं

सीएम विजय, ने कहा कि, राज्य की वित्तीय स्थिति को देखते हुए यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन किसानों की मेहनत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को देखते हुए सरकार ने प्रोत्साहन बढ़ाने का निर्णय लिया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार खेती और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए किसानों के साथ खड़ी रहेगी. धान और गन्ने की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब किसानों के लिए खेती की लागत लगातार एक अहम मुद्दा बनी हुई है. सरकार को उम्मीद है कि, बेहतर खरीद कीमत मिलने से किसानों को अपनी फसल बेचने पर पहले के मुकाबले ज्यादा फायदा होगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 10 Aug, 2026 | 03:38 PM

लेटेस्ट न्यूज़