Crop Damage: अप्रैल महीने में हुई बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने उत्तर प्रदेश के किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर गेहूं की पकी फसल पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है. कई जगह खेतों में पानी भर गया, फसलें जमीन पर गिर गईं और दानों की गुणवत्ता खराब होने लगी है. ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि इस नुकसान को कैसे कम किया जाए.
कौन-कौन सी फसलें हुईं प्रभावित?
इस समय रबी सीजन की कई फसलें जैसे गेहूं, सरसों, चना, मसूर और मटर की कटाई चल रही है. अचानक हुई बारिश ने खासतौर पर गेहूं और सरसों को ज्यादा नुकसान पहुंचाया है. खेतों में खड़ी और कटी हुई दोनों तरह की फसलें प्रभावित हुई हैं, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ा है.
कृषि विभाग की एडवाइजरी क्या कहती है?
कृषि विभाग ने किसानों के लिए कुछ जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन कर नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
- खड़ी फसल के लिए: अगर फसल भीग गई है, तो उसे 1-2 दिन तक खेत में ही सूखने दें. जल्दीबाजी में कटाई करने से नुकसान बढ़ सकता है.
- कटी हुई फसल के लिए: यदि फसल खेत में पड़ी है, तो पानी जमा न होने दें. फसल को बोझा बनाकर खड़ा कर दें, ताकि हवा लगती रहे और नमी कम हो.
- खलिहान में रखी फसल: अगर फसल पहले से खलिहान में है और भीग गई है, तो उसे खोलकर धूप और हवा में अच्छी तरह सुखाएं, फिर मड़ाई करें.
भंडारण से पहले रखें खास ध्यान
फसल को स्टोर करने से पहले यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि उसमें नमी 10% से अधिक न हो. ज्यादा नमी होने पर फसल में फफूंद लगने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे अनाज खराब हो सकता है और बाजार में कीमत भी कम मिलती है.
आग और अन्य खतरों से बचाव
बारिश के बाद खेत-खलिहान में सूखी घास-फूस इकट्ठा हो जाती है, जिससे आग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है. ऐसे में किसान निम्न सावधानियां जरूर बरतें:
- खेतों में बीड़ी, सिगरेट या अन्य ज्वलनशील वस्तुओं का उपयोग न करें
- सूखी घास को आग से दूर रखें
- खेत और खलिहान की नियमित निगरानी करें
बारिश के बाद सब्जियों और बागवानी फसलों में कीट और रोगों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में जरूरत पड़ने पर उचित कीटनाशकों का छिड़काव करें, ताकि फसल सुरक्षित रह सके.
नुकसान की सूचना देना जरूरी
अगर किसी किसान की फसल को ज्यादा नुकसान हुआ है, तो उसे 72 घंटे के अंदर कृषि विभाग या तहसील में इसकी जानकारी देनी चाहिए. इससे सरकारी मदद मिलने की संभावना बढ़ जाती है. बेमौसम बारिश किसानों के लिए एक बड़ी चुनौती जरूर है, लेकिन सही समय पर सही कदम उठाकर नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है. कृषि विभाग की सलाह मानकर और सावधानी बरतकर किसान अपनी फसल और मेहनत दोनों को बचा सकते हैं.