देशभर में बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और पश्चिम राजस्थान के लिए आज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 31 Mar, 2026 | 09:00 AM

IMD Rain Alert: पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने से कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और पश्चिम राजस्थान के लिए आज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है. जबकि, छत्तीसगढ़ और बिहार के के कई हिस्सों में आंधी और बूंदाबांदी की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. हालांकि, कई हिस्सों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी.

राजस्थान के कई जिलों में तेज अंधड़ के साथ बारिश का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान के कई जिलों में तेज हवाओं और अंधड़ के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ है. राज्य के पंद्रह से अधिक जिलों में बादल छाने के साथ मौसम में बड़ा बदलाव दर्ज किया गया. कोटा में सोमवार को दोपहर बाद ओलावृष्टि हुई, वहीं अजमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, नागौर और चूरू में भी बारिश के समाचार हैं. जैसलमेर में तेज आंधी चली, जबकि सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़ और भीलवाड़ा में भी बूंदाबांदी हुई. मौसम केंद्र जयपुर ने आज भरतपुर, कोटा, बूंदी और बारां जिलों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. विभाग ने कल से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और उदयपुर संभागों में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही शेखावाटी क्षेत्र सहित जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में कल भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.

3 से 5 अप्रैल को फिर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना जताई है. अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है. 31 मार्च को शेखावटी क्षेत्र में मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना जताई गई है. प्रदेश में 3 से 5 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कई भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज और कल के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के पश्चिमी जनपदों में बीते 24 घंटों में कहीं कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई. लखनऊ मौसम केंद्र ने आज और कल के लिए प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. आगामी दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है.

हिमाचल और उत्तराखंड में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़ व ओलावृष्टि का ओरेंज अलर्ट किया जारी किया है. हिमाचल प्रदेश के अधिकतर भागों में आज मौसम साफ है. हालांकि ऊंची चोटियों पर हिमपात व निचले क्षेत्रों में कल हुई हल्की बारिश से एक बार फिर ठंड बढ़ गई है. वहीं, उत्तराखंड के कई जिलों में आज मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के पांच जिलों के लिए मौसम विभाग ने आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि शेष जनपदों के लिए येलो अलर्ट रखा गया है.

छत्तीसगढ़ में तापमान में वृद्धि की संभावना

छत्तीसगढ़ में अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. रायपुर मौसम केंद्र के अनुसार एक-दो स्थानों पर अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने के भी आसार हैं. वहीं, प्रदेश में इसकी वजह से अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है. इस बीच, बस्तर जिले में आज अचानक मौसम बदला और दोपहर बाद तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई. अचानक हुए इस बदलाव से तापमान में कमी आई है. वहीं, अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 31 Mar, 2026 | 07:18 AM
ज्ञान का सम्मान क्विज

आम में सबसे ज्यादा कौन सा विटामिन होता है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
कपास
विजेताओं के नाम
कमल सिंह पडिहार, आगर मालवा, मध्य प्रदेश
गुरबाज सिंह, रोपड़, पंजाब

लेटेस्ट न्यूज़