पीएम का आह्वान, अंतरिक्ष स्टार्टअप कृषि सेक्टर, डेयरी और पशु प्रबंधन में तकनीकी का इस्तेमाल बढ़ाएं

Space Technology Helps Agriculture Sector : पीएम मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष से जुड़े काम कर रहे स्टार्टअप अपनी तकनीक के जरिए मौसम, जलवायु बदलावों संबंधी सटीक गणनाएं करके कृषि क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

रिजवान नूर खान
नई दिल्ली | Updated On: 21 Aug, 2026 | 05:51 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को युवा अंतरिक्ष उद्यमियों को सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन देते हुए उनसे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को कृषि, पशुधन प्रबंधन, डेयरी, पर्यावरण और आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़े अन्य क्षेत्रों तक ले जाने का आह्वान किया. पीएम ने कहा कि अंतरिक्ष से जुड़े काम कर रहे स्टार्टअप अपनी तकनीक के जरिए मौसम, जलवायु बदलावों संबंधी सटीक गणनाएं करके कृषि क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल का दायरा बढ़ाएं अंतरिक्ष स्टार्टअप्स

पीएम ने नई दिल्ली में अंतरिक्ष गतिविधियों से जुड़ी 20 स्टार्टअप कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) एवं संस्थापकों के साथ बातचीत में कहा कि अंतरिक्ष कंपनियों और अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले संगठनों के बीच अधिक सहयोग से इन प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल का दायरा बढ़ाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार भविष्य के लिए देश की क्षमताओं को विकसित करने में अंतरिक्ष स्टार्टअप के साथ खड़ी रहेगी.

अंतरिक्ष का मलबा हटाने में जुटीं कई कंपनियां

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में काम कर रही कंपनियां अपने प्रौद्योगिकी का नए क्षेत्रों में इस्तेमाल पर विचार करें और इससे लोगों का जीवन आसान बनाने के तौर-तरीकों पर गौर करें. उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष मलबा हटाने के काम में जुटी कंपनियां पर्यावरण संगठनों के साथ मिलकर अपनी प्रौद्योगिकियों का विस्तार कर सकती हैं.

मौसम, जलवायु संबंधी सटीक गणना से कृषि विकास तेज होगा

पीएम ने कहा कि कृषि क्षेत्र में सक्रिय अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनियां कृषि विश्वविद्यालयों और विभागों के साथ मिलकर किसानों को बेहतर निर्णय लेने और उत्पादन बढ़ाने में मदद कर सकती हैं. वह मौसम आधारित संकेतों के जरिए कृषि में होने वाले नुकसान को बचाने में मदद कर सकती हैं. सूखा, बारिश और जलवायु संबंधी स्थितियों की सटीक गणना में मदद से कृषि क्षेत्र तेजी से विकास कर सकता है.

सैटेलाइट डाटा से फसल उत्पादन में तेजी लाने की उम्मीद

देश के कृषि विकास, फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए मौसम और जलवायु बदलाव संबंधी गतिविधियों की गणना के लिए सैटेलाइट डाटा का इस्तेमाल किया जाता है. सरकार खेतों के सर्वे, मिट्टी, पानी के साथ ही स्थानीय जलवायु संबंधी गतिविधियों के हिसाब से किसानों को फसलों की बुवाई की सलाह दी जाती है.

अंतरिक्ष स्टार्टअप्स अटल टिंकरिंग लैब से जुड़ेंगे

प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष स्टार्टअप फर्मों से ‘अटल टिंकरिंग लैब’ के साथ जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे स्कूली बच्चों में जिज्ञासा पैदा होगी और उन्हें अंतरिक्ष क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी. इन स्टार्टअप फर्मों के प्रमुखों ने निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से हो रही प्रगति और भविष्य की योजनाओं से प्रधानमंत्री मोदी को अवगत कराया. उन्होंने सरकार से मिले समर्थन और उद्योग के भीतर सहयोग का भी उल्लेख किया.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Aug, 2026 | 05:41 PM

लेटेस्ट न्यूज़