Tip Of The Day: मार्च से पहले किसान कर लें ये काम, नहीं तो बर्बाद हो जाएंगे गुलाब के बागान!
Rose Farming In March: मार्च की हल्की गर्मी गुलाब के पौधे लिए नुकसानदायक हो सकती है. ऐसे में अगर किसान इसपर ध्यान न दें तो गुलाब के पौधे तेजी से मुरझाने लगते हैं. हरी पत्तियों के बीच सूखे फूल और कमजोर कलियां इस बात का संकेत होती हैं कि पौधे को अब खास देखभाल की जरूरत है. अगर आप चाहते हैं कि गर्मी बढ़ने के बावजूद आपका बगीचा गुलाब की खुशबू और रंगों से भरा रहे, तो अभी से सही देखभाल शुरू करना बेहद जरूरी है.

गुलाब के पौधे में जैसे ही फूल मुरझाने लगें, उन्हें तुरंत टहनी के नीचे से काट देना चाहिए. इसे डेडहेडिंग कहा जाता है. इससे पौधे की ऊर्जा बीज बनाने में खर्च नहीं होती और वह नई, स्वस्थ कलियों के विकास पर ध्यान देता है. मार्च में समय-समय पर की गई छंटाई से फूलों की संख्या और क्वालिटी दोनों बेहतर होती है.

मौसम बदलते समय गुलाब को ज्यादा पोषक तत्वों की जरूरत होती है. ऐसे में केमिकल खाद के बजाय गोबर की सड़ी खाद या वर्मीकम्पोस्ट का इस्तेमाल करें. इसके साथ धोकर सुखाई गई चायपत्ती मिट्टी में मिलाने से नाइट्रोजन मिलती है, जिससे पौधा हरा-भरा रहता है.

मार्च में तापमान बढ़ने से गमलों की मिट्टी जल्दी सूख जाती है. मिट्टी की ऊपरी सतह पर सूखे पत्ते, धान की भूसी या लकड़ी का बुरादा बिछाने से नमी बनी रहती है. मल्चिंग सूरज की सीधी गर्मी से जड़ों को बचाती है और पौधे को हीट स्ट्रेस से राहत देती है.

गुलाब को कभी भी दोपहर की तेज धूप में पानी नहीं देना चाहिए. सुबह जल्दी या शाम को सूरज ढलने के बाद पानी देना सबसे सही रहता है. ध्यान रखें कि पानी सीधे जड़ों में जाए, पत्तियों पर ज्यादा न गिरे, क्योंकि इससे फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. मिट्टी नम रहे, लेकिन कीचड़ न बने.

जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, गुलाब पर एफिड्स और काले धब्बों का खतरा भी बढ़ जाता है. हर 15 दिन में नीम तेल का स्प्रे करना बहुत फायदेमंद होता है. 1 लीटर पानी में 5 ml नीम तेल और थोड़ा लिक्विड सोप मिलाकर छिड़काव करने से पौधा सुरक्षित रहता है और फूलों का आकार भी अच्छा होता है.

गुलाब को धूप पसंद है, लेकिन ज्यादा तेज धूप नुकसान भी पहुंचा सकती है. मार्च के आखिर में गमलों को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह 4–5 घंटे हल्की धूप मिले और दोपहर की सीधी धूप से पौधा बचा रहे. इससे पत्तियां नहीं झुलसेंगी और फूल लंबे समय तक खिले रहेंगे.
Get Latest Farming Tips , Crop Updates , Government Schemes , Agri News , Market Rates , Weather Alerts , Equipment Reviews and Organic Farming News only on KisanIndia.in
किस फसल को सफेद सोना कहा जाता है?
9319947093
जवाब इस नंबर पर करें Whatsapp