PM Kisan 24th installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का करोड़ों किसान इंतजार कर रहे हैं. अगली किस्त में पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि भेजी जाएगी. लेकिन किस्त जारी होने से पहले किसानों को अपने रिकॉर्ड से जुड़ी कुछ जरूरी गलतियां ठीक करवा लेनी चाहिए. अगर ई-केवाईसी अधूरी है, आधार बैंक खाते से लिंक नहीं है या जमीन की लैंड सीडिंग पेंडिंग है, तो नाम लाभार्थी सूची में होने के बावजूद किस्त अटक सकती है. किसान घर बैठे या नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर इन तीनों समस्याओं को दूर कर सकते हैं.
e-KYC नहीं हुई तो रुक सकते हैं 2,000 रुपये
पीएम-किसान योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है. अगर आपके स्टेटस में ई-केवाईसी पेंडिंग या No दिखाई दे रहा है, तो 24वीं किस्त का भुगतान रुक सकता है. किसान तीन तरीकों से ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं. पहला, OTP आधारित ई-केवाईसी, जो पीएम-किसान पोर्टल और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध है. दूसरा, बायोमेट्रिक आधारित ई-केवाईसी, जिसे CSC या राज्य सेवा केंद्र पर कराया जा सकता है. तीसरा, फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए ई-केवाईसी पूरी की जा सकती है. OTP आधारित ई-केवाईसी के लिए pmkisan.gov.in पर जाकर ई-केवाईसी विकल्प चुनें और आधार नंबर दर्ज कर मोबाइल पर आए OTP से सत्यापन करें.
फेस ऑथेंटिकेशन से भी पूरी होगी KYC
किसान पीएम-किसान मोबाइल ऐप और Aadhaar Face RD ऐप की मदद से फेस ऑथेंटिकेशन आधारित ई-केवाईसी कर सकते हैं. इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से दोनों ऐप डाउनलोड करें और पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करें. इसके बाद Beneficiary Status में जाकर ई-केवाईसी विकल्प चुनें. आधार नंबर दर्ज करने के बाद चेहरे का स्कैन पूरा करें. सफल सत्यापन के बाद ई-केवाईसी पूरी हो जाएगी.
आधार बैंक खाते से लिंक होना जरूरी
पीएम-किसान की राशि DBT के जरिए आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाती है. यदि बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है या NPCI सीडिंग नहीं हुई है, तो भुगतान फेल हो सकता है. इसके लिए किसान बैंक शाखा में जाकर Aadhaar Seeding Form भरें और खाते को NPCI से लिंक करवाएं. पोर्टल के Know Your Status विकल्प से बैंक सीडिंग की स्थिति भी देखी जा सकती है.
Land Seeding में YES होना चाहिए
किस्त पाने के लिए किसान की खेती योग्य जमीन का रिकॉर्ड पोर्टल पर सही तरीके से जुड़ा होना चाहिए. यदि Land Seeding के सामने NO दिख रहा है, तो लाभार्थी सूची में नाम होने के बावजूद पैसा अटक सकता है. इसे ठीक कराने के लिए किसान कृषि विभाग कार्यालय, तहसील या संबंधित पटवारी से संपर्क करें और खसरा-खतियान के दस्तावेज जमा कराएं. किसान pmkisan.gov.in पर Know Your Status में जाकर रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा दर्ज करें. यहां ई-केवाईसी, आधार-बैंक सीडिंग की स्थिति
(Aadhaar Bank Seeding Status) और Land Seeding तीनों के सामने यस लिखा होना चाहिए. तीनों स्टेटस सही होने पर 24वीं किस्त मिलने में रुकावट की संभावना कम हो जाती है.