Escorts Kubota price hike: देश में कृषि मशीनरी के बाजार से एक बड़ी खबर सामने आई है. ट्रैक्टर बनाने वाली प्रमुख कंपनी एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने अपने ट्रैक्टरों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है. कंपनी ने घोषणा की है कि नई कीमतें 15 अप्रैल 2026 से लागू होंगी. यह बढ़ोतरी कुबोटा ब्रांड के ट्रैक्टरों को छोड़कर बाकी सभी मॉडल्स पर लागू होगी.
क्यों बढ़ाए गए ट्रैक्टर के दाम?
कंपनी का कहना है कि अलग-अलग मॉडल, वेरिएंट और बाजार के हिसाब से कीमतों में बदलाव किया जाएगा. इसका मतलब है कि हर ट्रैक्टर पर एक समान बढ़ोतरी नहीं होगी, बल्कि क्षेत्र और मॉडल के अनुसार कीमतें अलग-अलग होंगी.
कंपनी ने यह फैसला लागत में बदलाव और बाजार की स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया है. हाल के समय में इनपुट कॉस्ट और ऑपरेटिंग खर्च बढ़े हैं, जिसके कारण ऑटोमोबाइल और कृषि उपकरण बनाने वाली कई कंपनियां नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ा रही हैं. इसी कड़ी में एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने भी यह फैसला लिया है.
मार्च में बिक्री में शानदार बढ़ोतरी
कीमत बढ़ाने के फैसले के बीच कंपनी की बिक्री के आंकड़े काफी सकारात्मक रहे हैं. मार्च 2026 में कंपनी ने कुल 12,119 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले साल के 11,374 यूनिट्स के मुकाबले 6.6 प्रतिशत ज्यादा है.
घरेलू बाजार में कंपनी की पकड़ और मजबूत हुई है. देश के अंदर बिक्री 11,582 यूनिट रही, जो पिछले साल के 10,775 यूनिट से 7.5 प्रतिशत अधिक है. इससे साफ है कि किसानों के बीच ट्रैक्टर की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है.
ग्रामीण मांग और फसल कटाई का असर
ट्रैक्टर की बिक्री में बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ा कारण ग्रामीण इलाकों में बनी हुई मांग है. इसके अलावा रबी फसलों की कटाई का समय भी शुरू हो चुका है, जिससे किसानों को ट्रैक्टर और अन्य मशीनों की जरूरत बढ़ जाती है. हालांकि, हाल के दिनों में कुछ जगहों पर बारिश के कारण कटाई में थोड़ी देरी जरूर हुई है, लेकिन कुल मिलाकर फसल की स्थिति अच्छी मानी जा रही है.
पानी की उपलब्धता से बढ़ा किसानों का भरोसा
देश के कई हिस्सों में जलाशयों में पानी का स्तर बेहतर है, जिससे सिंचाई की स्थिति मजबूत हुई है. इसका सीधा असर खेती पर पड़ा है और किसानों का भरोसा बढ़ा है. जब किसानों का मनोबल मजबूत होता है, तो वे मशीनों और उपकरणों में निवेश करने के लिए भी आगे आते हैं. इसी वजह से ट्रैक्टर बाजार में लगातार सकारात्मक माहौल बना हुआ है.
निर्यात में आई गिरावट
जहां घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री बढ़ी है, वहीं निर्यात के मोर्चे पर थोड़ी कमजोरी देखने को मिली है. मार्च 2026 में कंपनी ने 537 ट्रैक्टर निर्यात किए, जबकि पिछले साल इसी महीने यह संख्या 599 थी. इस गिरावट का कारण वैश्विक परिस्थितियां और बाजार की अनिश्चितता मानी जा रही है.
आगे की चुनौतियां क्या हैं?
कंपनी ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं. खासकर अंतरराष्ट्रीय हालात और भू-राजनीतिक तनाव के कारण उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. इसका असर आने वाले खरीफ सीजन की तैयारियों पर पड़ सकता है. अगर खाद और अन्य जरूरी चीजों की उपलब्धता में दिक्कत आती है, तो इसका असर खेती और ट्रैक्टर की मांग दोनों पर पड़ सकता है.
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी की स्थिति मजबूत बनी हुई है. एक ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी के शेयर को ‘सेल’ से ‘एड’ में अपग्रेड किया है और 3,375 रुपये का लक्ष्य दिया है. यह दिखाता है कि भविष्य में कंपनी के प्रदर्शन को लेकर बाजार में सकारात्मक उम्मीद बनी हुई है.