ग्रामीण बाजार में लौटी रौनक, फरवरी में ट्रैक्टर बिक्री 34 प्रतिशत बढ़ी और निर्यात भी बढ़कर 9,644 यूनिट पहुंचा
ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर बड़े कृषि उपकरणों की खरीद त्योहारों के समय बढ़ जाती है. आने वाले महीनों में नवरात्रि जैसे त्योहारों के दौरान ट्रैक्टर की मांग और तेज हो सकती है. कई किसान शुभ अवसरों पर नई मशीनरी खरीदना पसंद करते हैं, इसलिए कंपनियों को आने वाले समय में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है.
India tractor sales February: देश के कृषि क्षेत्र से एक सकारात्मक खबर सामने आई है. खेती-किसानी से जुड़े उपकरणों की मांग में तेजी देखने को मिल रही है, खासकर ट्रैक्टर की बिक्री में. ताजा आंकड़े बताते हैं कि फरवरी 2026 में ट्रैक्टरों की बिक्री में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है. इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार और किसानों की बढ़ती आय का संकेत माना जा रहा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर फसल उत्पादन, पर्याप्त पानी और ग्रामीण इलाकों में बढ़ते नकदी प्रवाह ने किसानों का भरोसा बढ़ाया है. यही वजह है कि किसान अब खेती को आधुनिक बनाने के लिए मशीनरी में निवेश कर रहे हैं.
फरवरी में रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंची बिक्री
ट्रैक्टर एंड मैकेनाइजेशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TMA) के आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2026 में देशभर में 78,901 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई. जबकि फरवरी 2025 में यह आंकड़ा 58,797 यूनिट था. इस तरह सालाना आधार पर ट्रैक्टर बिक्री में करीब 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
सिर्फ घरेलू बाजार ही नहीं, बल्कि निर्यात में भी वृद्धि हुई है. फरवरी 2026 में 9,644 ट्रैक्टरों का निर्यात किया गया, जबकि पिछले साल इसी महीने 8,954 ट्रैक्टर विदेशों में भेजे गए थे. इससे यह भी साफ होता है कि भारतीय ट्रैक्टरों की मांग वैश्विक बाजार में भी लगातार बढ़ रही है.
खेती की अच्छी स्थिति से बढ़ा भरोसा
बिजनेसलाइन की खबर के अनुसार, उद्योग से जुड़े जानकार बताते हैं कि ट्रैक्टर की बिक्री बढ़ने के पीछे खेती की बेहतर स्थिति एक बड़ा कारण है. इस साल रबी फसलों की बुवाई का क्षेत्र अच्छा रहा है और कई राज्यों में जलाशयों में पर्याप्त पानी मौजूद है. इससे किसानों को आने वाली फसल को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं.
इसके अलावा पिछले खरीफ सीजन में भी कई इलाकों में अच्छी पैदावार हुई थी. अच्छी फसल का सीधा असर ग्रामीण बाजार पर पड़ता है. जब किसानों की आय बढ़ती है तो वे खेती को बेहतर बनाने के लिए नए उपकरण खरीदने में दिलचस्पी दिखाते हैं.
त्योहारों का भी पड़ सकता है असर
ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर बड़े कृषि उपकरणों की खरीद त्योहारों के समय बढ़ जाती है. आने वाले महीनों में नवरात्रि जैसे त्योहारों के दौरान ट्रैक्टर की मांग और तेज हो सकती है. कई किसान शुभ अवसरों पर नई मशीनरी खरीदना पसंद करते हैं, इसलिए कंपनियों को आने वाले समय में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है.
जीएसटी में कटौती से किसानों को राहत
क्रिसिल रेटिंग्स की निदेशक पूनम उपाध्याय के बिजनेसलाइन को बताया कि ट्रैक्टर बिक्री में बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह जीएसटी दर में कटौती भी है. पिछले साल सितंबर में ट्रैक्टरों पर जीएसटी कम किया गया था, जिससे ट्रैक्टर खरीदना पहले की तुलना में थोड़ा सस्ता हो गया.
इस फैसले का फायदा दो तरह के ग्राहकों को मिला. पहली बार ट्रैक्टर खरीदने वाले किसान भी आगे आए और कई किसानों ने अपने पुराने ट्रैक्टर की जगह नया ट्रैक्टर खरीदना बेहतर समझा.
आगे भी मजबूत रह सकती है मांग
हालांकि महीने-दर-महीने आधार पर बिक्री में करीब 10 से 11 प्रतिशत की हल्की गिरावट देखी गई है, लेकिन विशेषज्ञ इसे सामान्य मानते हैं. कृषि उपकरणों की मांग अक्सर मौसम और खेती के काम के अनुसार बदलती रहती है.