Weather Updates: आने वाले एक हफ्ते में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, चक्रवाती परिसंचरण और सबट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम जैसे सिस्टम मौसम को प्रभावित करेंगे. अगले 2-3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
IMD ने कहा है कि 9 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक और बारिश और बर्फबारी का दौर आ सकता है. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक, बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. यह सिस्टम 8 फरवरी की रात से सक्रिय होने वाले नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से जुड़ा हुआ है.
8 फरवरी से हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे और कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश में 8 फरवरी तक सुबह और रात के समय कई जगह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी से हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसका असर उत्तर-पश्चिम भारत में भी दिखेगा. इसी बीच फरवरी में हल्की गर्मी बढ़ने लगी है. 8 फरवरी को दिल्ली में आसमान साफ रहने की संभावना है, जबकि सुबह के समय हल्का कुहासा रहेगा. अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी.
उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को उत्तर प्रदेश में तापमान 3 से 6 डिग्री तक बढ़ गया. तेज धूप निकलने से ठंड से राहत मिली और कोहरा भी कम रहा. मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को भी मौसम ऐसा ही सुहावना रहेगा. लेकिन सोमवार से तापमान फिर गिरने लगेगा और ठंड दोबारा बढ़ेगी, जिसका असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, आज 8 फरवरी को बिहार में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. हालांकि सुबह के समय राज्य के कुछ जिलों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. अगले 3-4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. वहीं, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान भी लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन इसके बाद इसमें 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है.