अब गर्मी लोगों को और झुलसाने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 5 दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है. विभाग ने कहा है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में भयंकर लू चलने और तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी की चेतावनी जारी की है. विभाग ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह बिना सिर ढंके घर से बाहर न निकलें और शरीर को हाईड्रेट बनाए रखने के लिए लिक्विड की मात्रा ज्यादा लेना शुरू करें. वहीं, पशुओं को भी धूप से बचाने के लिए शेड में रखने और समय पर चारा और पानी देने की सलाह दी है.
गेहूं कटाई के वक्त किसानों को छांव में रहने की सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 5 दिनों के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और उससे सटे पूर्वी भारत में अगले 4-5 दिनों तक तेज लू चलेगी. ऐसे में आम जनता को धूप से बचने के साथ ही किसानों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है. लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह बिना सिर ढंके घर से बाहर न निकलें और शरीर को हाईड्रेट बनाए रखने के लिए लिक्विड की मात्रा ज्यादा लेना शुरू करें. किसानों को कहा गया है कि धूप में गेहूं या रबी फसलों की कटाई के दौरान छांव में रहने की सलाह दी है.
पशुओं का ध्यान रखने की खास सलाह
पशुओं को तेज गर्म होते तापमान के दौरान छांव में रखने के साथ ही रात में ठंडी और हवादार जगहों में बांधने की सलाह दी गई है. पशुओं को धूप से बचाने के लिए शेड में रखने और समय पर चारा और पानी देने की सलाह दी है. पशुपालकों से यह भी कहा गया है कि हरा चारा देने से पहले उसे पानी में गीला जरूर करें और पशु का ध्यान ज्यादा रखें. क्योंकि, यह अचानक तापमान बढ़ने का यह शुरुआती चरण है और ऐसे में पशुओं को बदलते मौसम से एडजस्ट करने में दिक्कत होती है.
10 से ज्यादा राज्यों में 25 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा है कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, गंगा से सटे पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा के कुछ इलाकों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ छिटपुट इलाकों में 20 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने की उम्मीद है.
तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी रहने की संभावना
IMD ने कहा कि 20-26 अप्रैल के दौरान गंगा से सटे पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में 20-22 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 20-24 अप्रैल के दौरान केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में और 24 तथा 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की बहुत ज्यादा संभावना है. इसके अलावा, 20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में और 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के साथ ही 20 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा में रातें गर्म रहने की उम्मीद है.
पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में तूफान का अलर्ट
IMD ने बताया कि सोमवार को दक्षिण, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत के अलग-अलग राज्यों में मध्यम से तेज गरज-चमक के साथ तूफान आ सकता है. IMD के अनुसार सोमवार को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओले गिरने की भी संभावना है.