Litchi Farming: उत्तर भारत, खासकर बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में लीची की खेती किसानों की आय का एक बड़ा सोर्स है. लेकिन पिछले कुछ सालों में बदलते मौसम के कारण लीची के फलों के फटने (क्रैकिंग) की समस्या तेजी से बढ़ी है. यह समस्या न सिर्फ उत्पादन घटाती है, बल्कि फलों की गुणवत्ता भी खराब कर देती है, जिससे किसानों को बाजार में सही दाम नहीं मिल पाता.
बिहार स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह ने किसान इंडिया (Kisan India) को बताया कि, लीची में फल फटने के कई कारण होते हैं. उन्होंने बताया कि, अगर ऐसे में किसान समय रहते सही प्रबंधन नहीं करते हैं तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.
क्यों फटते हैं लीची के फल?
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह के अनुसार, लीची में फल फटने की समस्या एक शारीरिक विकार है, जो फल के अंतिम विकास चरण में अधिक देखने को मिलता है. इसके पीछे कई वैज्ञानिक कारण होते हैं. सबसे बड़ा कारण जलवायु परिवर्तन है. दिन में तेज गर्मी और रात में अचानक ठंडक, साथ ही बीच में बारिश होने से फल की बाहरी त्वचा पर दबाव पड़ता है, जिससे वह फट जाती है. इसके अलावा, लंबे समय तक सूखा रहने के बाद अचानक अधिक पानी मिलने से फल अंदर से तेजी से बढ़ता है, लेकिन उसकी बाहरी परत उतनी जल्दी नहीं फैल पाती.
पोषक तत्वों की कमी भी एक बड़ा कारण है. खासकर बोरॉन और कैल्शियम की कमी से फल की त्वचा कमजोर हो जाती है और उसमें दरार पड़ने लगती है.
किसानों को कितना होता है नुकसान?
लीची के फटने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. इससे 20 से 60 प्रतिशत तक उत्पादन घट सकता है. साथ ही, फलों की गुणवत्ता खराब होने से उनका बाजार मूल्य भी गिर जाता है और निर्यात के अवसर कम हो जाते हैं.
फल फटने से बचाव के असरदार उपाय
इस समस्या से बचने के लिए किसानों को कुछ वैज्ञानिक और व्यवहारिक उपाय अपनाने चाहिए.
- सही सिंचाई प्रबंधन: लीची के पेड़ों में नमी का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है. 5-7 दिन के अंतराल पर हल्की सिंचाई करें और कभी भी सूखे के बाद अचानक ज्यादा पानी न दें.
- बोरॉन का छिड़काव: डॉ. एस.के. सिंह के अनुसार 15 अप्रैल तक बोरॉन (0.2-0.4 प्रतिशत) का छिड़काव करना बेहद फायदेमंद होता है. यह फल की त्वचा को मजबूत बनाता है और फल फटने की समस्या को कम करता है.
- मल्चिंग तकनीक अपनाएं: पेड़ों के आसपास भूसा या पुआल बिछाने से मिट्टी की नमी बनी रहती है और तापमान नियंत्रित रहता है.
- बैगिंग तकनीक का उपयोग: फल को कवर (बैग) करने से सीधे धूप और तापमान के प्रभाव से बचाया जा सकता है, जिससे 30-40% तक फटने की समस्या कम हो सकती है.
क्या न करें
किसानों को कुछ गलतियों से भी बचना चाहिए. जैसे अत्यधिक नाइट्रोजन का प्रयोग न करें, अनियमित सिंचाई से बचें और जरूरत से ज्यादा रसायनों का छिड़काव न करें. साथ ही, मौसम के बदलाव को नजरअंदाज करना भी नुकसानदायक हो सकता है.
आधुनिक तकनीकों का सहारा
आज के समय में किसान ड्रोन स्प्रे, मौसम ऐप और स्मार्ट फार्मिंग तकनीकों का इस्तेमाल करके इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित कर सकते हैं. इससे सही समय पर सिंचाई और पोषण प्रबंधन आसान हो जाता है.
लीची में फल फटने की समस्या गंभीर जरूर है, लेकिन सही जानकारी और वैज्ञानिक तरीकों से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है. यदि किसान समय पर बोरॉन का छिड़काव करें, सिंचाई संतुलित रखें और आधुनिक तकनीकों को अपनाएं, तो वे न सिर्फ नुकसान कम कर सकते हैं, बल्कि अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं.