Bird Flu: आंध्र प्रदेश में बर्ड फ्लू फैलने से लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है. खासकर चित्तूर जिले में बर्ड फ्लू का खतरा कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है. वहीं, बर्ड फ्लू पर लगाम लगाने के लिए चित्तूर जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है. पशुपालन विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए एक ही दिन में करीब 3,000 मुर्गी और अन्य पक्षियों को नष्ट कर दिया. साथ ही प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने को लेकर अलर्ट जारी किया है.
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रायलीसीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है. खासकर चित्तूर, अन्नामय्या और तिरुपति जिले में प्रशासन सख्ती बरत रहा है. क्योंकि इन जिलों में बड़े स्तर पर मुर्गीपालन किया जाता है. वहीं, स्थिति पर नियंत्रण रखने और लोगों में डर न फैले, इसके लिए जिला स्तर की मेडिकल टीमें और पशुपालन विभाग के अधिकारी मौके पर तैनात किए गए हैं. साथ ही करवेतीनगर मंडल के आरकेएम पुरम इलाके में मृत पोल्ट्री से लिए गए खून और लार के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिन्हें भोपाल की हाई-सिक्योरिटी लैब भेजा गया है.
इस वजह से मुर्गियों में संक्रमण फैल गया
जिला प्रशासन को आशंका है कि चित्तूर और अन्नामय्या जिलों के पोल्ट्री फार्मों में एवियन इन्फ्लुएंजा फैलने की मुख्य वजह तमिलनाडु से सीमा क्षेत्रों में पहुंचे प्रवासी कौए हो सकते हैं. हाल के दिनों में तमिलनाडु के कई इलाकों में वायरल संक्रमण से हजारों कौओं की मौत की खबरें सामने आई हैं. अधिकारियों का मानना है कि कौओं की बीट, मल और लार के जरिये यह वायरस पोल्ट्री फार्मों तक पहुंचा और मुर्गियों में संक्रमण फैल गया.
लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है
भौगोलिक रूप से करवेतीनगर के जिन पोल्ट्री यूनिटों में फ्लू का संदेह है, वे तमिलनाडु सीमा से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं. टीएनआईई से बात करते हुए कलेक्टर सुमित कुमार ने कहा कि लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि पशुपालन विभाग और जिला मेडिकल टीमें स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं. उन्होंने कहा कि प्रभावित पोल्ट्री इलाकों में आइसोलेशन के कदम लागू कर दिए गए हैं और आसपास के रिहायशी गांवों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है.
तमिलनाडु के डिंडीगुल में अचानक कौओं की मौत
बता दें कि आज सुबह ही खबर सामने आई थी कि तमिलनाडु के डिंडीगुल में अचानक कौओं की मौत की खबर से हड़कंप मच गया है. वेदसंदूर के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में कई कौए मृत पाए गए हैं. स्थानीय लोग चिंता जताते हुए बर्ड फ्लू या किसी खतरनाक बीमारी फैलने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं. इससे पहले देश के अन्य हिस्सों में भी कौओं की मौत के मामले सामने आ चुके हैं.