दिल्ली से राजस्थान तक बदलेगा मौसम का मिजाज, सुबह-शाम सर्दी बढ़ाएंगी पछुआ हवाएं

Today Weather: आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं. पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के बीच मैदानी इलाकों में बादलों की आवाजाही, ठंडी हवाएं और सुबह-शाम सर्दी का असर फिर से बढ़ सकता है. हालांकि, किसी बड़े तूफान या अत्यधिक बारिश का अलर्ट नहीं है.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 10 Feb, 2026 | 07:20 AM

Today Weather: फरवरी के दूसरे हफ्ते की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं. बीते कुछ दिनों से धूप निकलने और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के कारण लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत महसूस हो रही थी, लेकिन अब यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं दिख रही. मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर सबसे पहले पहाड़ी राज्यों में दिखाई देगा और धीरे-धीरे इसका प्रभाव उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक भी पहुंचेगा.

आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं. पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के बीच मैदानी इलाकों में बादलों की आवाजाही, ठंडी हवाएं और सुबह-शाम सर्दी का असर फिर से बढ़ सकता है. हालांकि, किसी बड़े तूफान या अत्यधिक बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन मौसम का मिजाज बदलता हुआ साफ नजर आएगा.

राजस्थान में हल्का बदलाव, लेकिन सर्दी का अहसास रहेगा

राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन अगले 24 से 48 घंटों में यहां भी हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि 10 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं. दिन के समय धूप निकलेगी, लेकिन तेज पछुआ हवाओं की वजह से सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा.

राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. फतेहपुर में न्यूनतम तापमान करीब 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि पाली में 5 डिग्री, सीकर में 6 डिग्री, सिरोही और करौली में 7 डिग्री के आसपास तापमान बना हुआ है. राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है.

आने वाले दिनों में अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. दिन में धूप के कारण ठंड थोड़ी कम लगेगी, लेकिन हवा चलते ही सिहरन महसूस हो सकती है. फिलहाल राज्य में बारिश के आसार कम हैं और मौसम सामान्य से शुष्क बना रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही, तापमान में हल्की बढ़ोतरी

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है. 10 फरवरी को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, लेकिन फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा.

सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिन में धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और देर शाम हल्की सर्दी बनी रहेगी.

हवाओं की गति बढ़ने से वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार जरूर हुआ है, लेकिन प्रदूषण का स्तर अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है. मौसम विभाग का संकेत है कि फरवरी के तीसरे सप्ताह में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान और प्रदूषण दोनों में बदलाव देखने को मिलेगा.

उत्तर प्रदेश में दिन सुहावना, सुबह-शाम सर्दी बरकरार

उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है. हालांकि दिन के समय तेज धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है. लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं ठंडक तो दे रही हैं, लेकिन धूप के सामने बेअसर साबित हो रही हैं.

मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की वजह से कोहरे में काफी कमी आई है. तराई इलाकों को छोड़ दें तो अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में अब सिर्फ हल्का कोहरा ही देखने को मिल रहा है. फिलहाल प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सोमवार को धूप और बादलों का खेल देखने को मिल सकता है, लेकिन बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

बिहार में ठंड का असर बरकरार, कोहरे से परेशानी

बिहार में मौसम अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है. अगले 48 घंटों में यहां तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. तेज हवाओं के कारण कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है.

दिन के समय धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है. लेकिन रात और सुबह के समय सर्दी अभी भी लोगों को परेशान कर रही है. कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो रही है और सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है. आने वाले दिनों में कोहरे और सर्दी दोनों के असर में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है, जिससे मौसम थोड़ा सामान्य हो सकता है.

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के आसार, ठंड और बढ़ेगी

हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर सख्त रूप लेने वाला है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 10 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होगी. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की रफ्तार तेज हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी.

चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुकुमसेरी और ताबो जैसे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के संकेत हैं. इन इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है, जबकि अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान भी 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है.

मैदानी जिलों में बारिश के कारण दिन का तापमान गिर सकता है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 10 Feb, 2026 | 07:08 AM

केला जल्दी काला क्यों पड़ जाता है?