Weather Updates: देश के कई हिस्सों में मॉनसून इस सप्ताह फिर सक्रिय हो गया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है. वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि भारी बारिश की संभावना नहीं है. 24 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.25 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा.
29 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 29 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, राजस्थान में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई जिलों में 25 जुलाई तक तेज बारिश हो सकती है. जबकि जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
गुजरात में बारिश से बाढ़ जैसे हालात
गुजरात में बहुत भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही बारिश से कई जगह जलभराव, नदियों का जलस्तर बढ़ने और सड़कों के बंद होने जैसी समस्याएं सामने आई हैं. पंचमहल, दाहोद और महिसागर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है.
- मॉनसून फिर हुआ एक्टिव, MP समेत कई राज्यों में भारी बारिश.. दिल्ली में भी बरसेंगे बादल
- तमिलनाडु में चावल हुआ महंगा, 15 रुपये किलो तक बढ़ी कीमत.. बिगड़ा किचन का बजट
- कर्नाटक में महंगी हुईं मछलियां, कीमतों में 190 फीसदी तक बढ़ोतरी.. 580 रुपये किलो हुआ भाव
- फसल नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान.. DBT के जरिए भुगतान
कोंकण-गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण-गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, अंडमान-निकोबार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और बिहार के कई इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है. वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून का हाल
खास बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मंगलवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. IMD के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय मॉनसून के कारण दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.