दिल्ली-NCR से राजस्थान तक लू का असर, यूपी-एमपी में आंधी और बारिश से आज मिलेगी राहत

IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार में तेज धूल भरी आंधी चल सकती है, जिसकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. इन इलाकों में हल्की बारिश भी होने की संभावना है. साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और कुछ जगहों पर ओले गिरने का खतरा भी बताया गया है. मौसम बदलने से तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 30 Apr, 2026 | 06:57 AM

Today Weather: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम इन दिनों दो बिल्कुल अलग रूप दिखा रहा है. उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में जहां गर्मी अपने चरम पर पहुंचने वाली है, वहीं मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां लोगों को राहत दे रही हैं. गुरुवार का दिन खासतौर पर कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि कहीं झुलसाने वाली धूप होगी तो कहीं तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिलेगा. मौसम के इस बदलते रूप का असर सिर्फ आम जनजीवन पर ही नहीं, बल्कि खेती और स्वास्थ्य पर भी साफ नजर आने लगा है.

दिल्ली-एनसीआर में दिन की शुरुआत गर्म, शाम को राहत की उम्मीद

दिल्ली NCR में गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी. दिन का तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं, धूल भरी आंधी चल सकती है और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है. शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाएं तापमान को थोड़ा कम कर सकती हैं, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है.

पंजाब में बढ़ेगी गर्मी, खेतों में काम कर रहे किसानों पर असर

पंजाब में गर्मी का असर और तेज हो गया है. यहां अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इस समय गेहूं की कटाई का काम तेजी से चल रहा है, ऐसे में तेज धूप और गर्म हवाएं किसानों और मजदूरों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. रात के समय भी तापमान 25 से 28 डिग्री के आसपास रहेगा, जिससे गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी.

राजस्थान में हीटवेव का कहर

राजस्थान के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में हीटवेव का असर बेहद गंभीर बना हुआ है. बीकानेर, चूरू और जैसलमेर जैसे जिलों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दिन के समय चलने वाली तेज गर्म हवाएं हालात को और ज्यादा कठिन बना देंगी. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर में घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पीते रहें और सिर ढककर ही बाहर जाएं.

मध्य प्रदेश में मौसम का बदला रुख

मध्य प्रदेश में मौसम कुछ राहत भरा नजर आ रहा है. यहां कई जिलों में बादल छाने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी.

आज का तापमान

शहर अधिकतम तापमान (30 अप्रैल, 2026)
न्यूनतम तापमान (30 अप्रैल, 2026)
दिल्ली 36°C 21°C
मुंबई 31°C 27°C
चेन्नई 35°C 29°C
कोलकाता 35°C 25°C
लखनऊ 38°C 25°C
पटना 36°C 23°C
रांची 36°C 22°C
भोपाल 41°C 28°C
जयपुर 39°C 26°C
शिमला 23°C 13°C
नैनीताल 26°C 17°C

उत्तर प्रदेश में भी बारिश और आंधी के आसार

उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने के आसार हैं. कई इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, करीब 50 जिलों में बादल छाए रहेंगे और तेज धूल भरी आंधी चल सकती है. इसके साथ ही कई जगहों पर बारिश होने, ओले गिरने और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

खासकर बुंदेलखंड और पूर्वी यूपी के जिलों जैसे बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर और आसपास के इलाकों में मौसम ज्यादा प्रभावित रहेगा. वहीं पश्चिमी यूपी के जिलों जैसे आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली और बिजनौर में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तराखंड के पहाड़ों में सुहावना मौसम

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम काफी सुहावना बना हुआ है. देहरादून, नैनीताल और मसूरी जैसे क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है. ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

महाराष्ट्र में उमस भरा मौसम

महाराष्ट्र में तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. हालांकि समुद्र के पास स्थित इलाकों में नमी ज्यादा होने के कारण उमस बढ़ेगी, जिससे लोगों को असहजता महसूस हो सकती है. मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी या बादल छाने की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है.

गुजरात में गर्मी के साथ नमी का असर

गुजरात में भी मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा. तापमान ऊंचा रहने के साथ-साथ नमी के कारण लोगों को ज्यादा परेशानी महसूस हो सकती है. हालांकि कुछ तटीय इलाकों में बादल छाने या हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है.

हरियाणा में आंधी और बारिश का असर

हरियाणा में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना है. कैथल, करनाल, पानीपत, रोहतक और गुरुग्राम जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

दक्षिण भारत में प्री-मानसून की दस्तक

दक्षिण भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही से तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना बना रहेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

केंद्र सरकार ने गेहूं का एमएसपी कितने रुपये तय किया है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
पुंगनूर नस्ल
विजेताओं के नाम
सुभाष चंद्र गुप्ता- किसनपुर, अमेठी, उत्तर प्रदेश

लेटेस्ट न्यूज़