समय से पहले आ सकता है मानसून, जानिए यूपी-दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कब होगी बारिश की एंट्री

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस बार इसके तय समय से पहले कई राज्यों में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. अगर मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं तो लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिल सकती है. खास बात यह है कि इस बार केरल में मानसून सामान्य तारीख से पहले दस्तक दे सकता है.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 19 May, 2026 | 10:51 AM

Monsoon Update 2026: देशभर में बढ़ती गर्मी और लू के बीच मानसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस बार इसके तय समय से पहले कई राज्यों में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. अगर मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं तो लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिल सकती है. खास बात यह है कि इस बार केरल में मानसून सामान्य तारीख से पहले दस्तक दे सकता है.

16 मई को कई हिस्सों में पहुंचा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई को दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों तक पहुंच गया. श्री विजयपुरम समेत अंडमान-निकोबार के कई क्षेत्रों में मानसून सक्रिय हो चुका है. आमतौर पर मानसून एक जून तक केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना जताई गई है. अगर ऐसा होता है तो यह सामान्य समय से करीब चार से पांच दिन पहले की एंट्री होगी.

दिल्ली और यूपी में कब पहुंचेगा मानसून?

उत्तर भारत के लोग भी अब मानसून का इंतजार कर रहे हैं. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिल्ली में मानसून 25 जून तक पहुंच सकता है. वहीं उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून 15 जून के आसपास दस्तक देता है. कुछ इलाकों में इसकी एंट्री 20 जून तक हो सकती है.

हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि केरल में जल्दी पहुंचने का मतलब यह नहीं कि हर राज्य में मानसून जल्दी ही पहुंचेगा. मानसून की रफ्तार कई मौसमीय परिस्थितियों पर निर्भर करती है.

मध्य प्रदेश में जून के मध्य तक बारिश की संभावना

मध्य प्रदेश में भी लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून 15 जून तक पहुंच सकता है, जबकि कई इलाकों में 20 जून तक बारिश शुरू होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में भी लगभग 15 जून तक मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया गया है. महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे राज्यों में मानसून आमतौर पर 10 जून तक प्रवेश कर जाता है.

बिहार में 15 जून तक दस्तक

बिहार में मानसून 15 जून तक पहुंच सकता है. हर साल की तरह इस बार भी लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि राज्य में गर्मी लगातार बढ़ रही है. मौसम विभाग का कहना है कि मानसून आने के बाद तापमान में गिरावट और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

राजस्थान और गुजरात में इंतजार थोड़ा लंबा

राजस्थान और गुजरात के लोगों को मानसून के लिए थोड़ा ज्यादा इंतजार करना पड़ सकता है. रिपोर्ट के अनुसार गुजरात में मानसून 20 जून तक पहुंच सकता है, जबकि कुछ इलाकों में 25 जून तक बारिश शुरू होने की संभावना है. राजस्थान में मानसून की एंट्री 30 जून तक हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में जुलाई की शुरुआत में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी तय हुई संभावित तारीख

उत्तराखंड में मानसून 25 जून तक पहुंच सकता है. वहीं जम्मू-कश्मीर में भी लगभग इसी समय बारिश शुरू होने की संभावना जताई गई है. पहाड़ी राज्यों में मानसून पहुंचने के बाद तापमान में गिरावट और मौसम में बदलाव देखने को मिलता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 19 May, 2026 | 10:37 AM

लेटेस्ट न्यूज़