5 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश के साथ 40 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानिए कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी को कम से कम पांच राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. जिसके चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
Today Weather: भीषण ठंड के बाद अब देश के कई हिस्सों में मौसम ने नया रूप ले लिया है. कहीं बादल छाए हैं तो कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी को कम से कम पांच राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है.
दिल्ली: हल्की बारिश से मिलेगी राहत, फिर बढ़ेगा तापमान
राजधानी दिल्ली में 19 फरवरी को बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 22 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बारिश के कारण दिन में हल्की ठंड महसूस होगी. हालांकि 20 फरवरी के बाद तापमान फिर से 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है. तेज हवाओं के चलते प्रदूषण स्तर में भी कुछ गिरावट आने की उम्मीद है.
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी जिलों में बूंदाबांदी के आसार
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मुजफ्फरनगर, बागपत और शामली जैसे जिलों में हल्की बारिश की संभावना है. लखनऊ में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 से 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. पूर्वी यूपी में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी.
बिहार: साफ मौसम, गुलाबी ठंड जारी
बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है. पटना में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. गया में भी दिन का तापमान 28 डिग्री और रात का 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. हालांकि पूर्णिया, अररिया, दरभंगा और सीतामढ़ी जैसे जिलों में सुबह और शाम हल्की ठंड का असर रहेगा.
उत्तराखंड: पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. देहरादून में अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 से 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा. नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश के साथ ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. तेज हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ेगा.
हिमाचल प्रदेश: ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में शिमला का अधिकतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6 से 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में बर्फबारी की संभावना है. निचले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड का एहसास बढ़ेगा.
जम्मू-कश्मीर: घाटी में सर्दी बरकरार
श्रीनगर में अधिकतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. गुलमर्ग और सोनमर्ग में बर्फबारी की संभावना है. जम्मू में दिन का तापमान 24 डिग्री और रात का 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. ऊंचाई वाले इलाकों में ठंडी हवाएं चलेंगी.
राजस्थान: बादल छाए रहेंगे, कुछ जगह बूंदाबांदी
राजस्थान में बड़े पैमाने पर बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन जयपुर में अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. तेज हवाओं की वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट संभव है.
मध्य प्रदेश: कई जिलों में बारिश की चेतावनी
भोपाल में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ग्वालियर, इंदौर, विदिशा और गुना सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है.
तमिलनाडु: तटीय इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
चेन्नई में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा. तटीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है.
केरल: समुद्री इलाकों में सतर्कता जरूरी
केरल में तिरुवनंतपुरम और कोच्चि में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
अंडमान-निकोबार: तेज हवाओं के साथ बारिश
यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान है. तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा.