मॉनसून फिर पकड़ेगा रफ्तार! 11 सितंबर से दिल्ली-NCR, यूपी समेत कई राज्यों में फिर बरसेंगे बादल

Weather Update Today: 11 सितंबर से दिल्ली-NCR, यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है. यूपी के कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है. दिल्ली-NCR में 11 से 14 सितंबर तक बारिश के आसार हैं.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 10 Sep, 2026 | 07:13 AM

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में अभी मॉनसून सक्रिय है, हालांकि कुछ राज्यों में बारिश की रफ्तार कम हुई है. बारिश थमने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. कई जगह दिन में रूखी हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 11 सितंबर से एक बार फिर दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है. वहीं, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों में फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

यूपी में फिर होगी बारिश

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन पिछले कुछ समय में बारिश की गतिविधियां कमजोर हुई हैं. इसके बावजूद कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है. कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बुंदेलखंड के अलावा चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, सोनभद्र, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती और अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी दी है. नदियों का जलस्तर बढ़ने से तराई और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है. ऐसे में नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

दिल्ली-NCR में 11 सितंबर से बदलेगा मौसम

दिल्ली-NCR में पिछले करीब 48 घंटे से बारिश नहीं हुई है, जिसके चलते तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. 11 से 14 सितंबर के बीच दिल्ली-NCR में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. बारिश होने के साथ तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश नहीं होने के बावजूद फिलहाल प्रदूषण के स्तर में कमी आई है, जिससे लोगों को राहत मिली है.

राजस्थान में कमजोर पड़ा मॉनसून

राजस्थान में मॉनसून फिलहाल कमजोर पड़ता दिख रहा है. इसके कारण बारिश की गतिविधियों में कमी आई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है. जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में अगले चार दिन कमजोर मॉनसून की स्थिति रहने की संभावना है. वहीं जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले पांच दिन तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं.

हालांकि, बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के आसपास 11 सितंबर को नया लो प्रेशर एरिया बन सकता है. इसके असर से 12 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का नया दौर शुरू होने की उम्मीद है.

पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में बारिश जारी

पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत पूर्वी राज्यों में कई जगहों पर झमाझम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश होती रहेगी. ऊंचाई वाले क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है. वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों के साथ महाराष्ट्र और गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. यानी आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आएगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़