केंद्र का बड़ा फैसला, खोपरा और तोतापुरी आम की खरीद को मंजूरी.. 1049 करोड़ रुपये होंगे खर्च

तमिलनाडु के किसानों को बड़ी राहत देते हुए केंद्र सरकार ने 2026 में 87,226 टन खोपरा और 96,879 टन तोतापुरी आम की सरकारी खरीद को मंजूरी दी है. खोपरा की खरीद MSP पर और तोतापुरी आम की खरीद MIS के तहत 1,545 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी, जिससे किसानों को बेहतर दाम और आय सुरक्षा मिलेगी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 9 Jul, 2026 | 08:04 AM

Totapuri Mangoes: तमिलनाडु के किसानों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. केंद्र ने राज्य के किसानों से खोपरा (सूखा नारियल) और तोतापुरी आम की खरीद को मंजूरी दे दी है. इस फैसले से किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और उन्हें कम कीमत पर फसल बेचने की मजबूरी नहीं होगी. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस खरीद को मंजूरी दी है. सरकार का कहना है कि इससे बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव के दौरान भी किसानों के हितों की रक्षा होगी.

तमिलनाडु सरकार के प्रस्ताव के आधार पर केंद्र ने 2026 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य  (MSP) पर खोपरा खरीदने की अनुमति दी है. इसके तहत राज्य से कुल 87,226 टन खोपरा खरीदा जाएगा. इसमें 87,000 टन मिलिंग खोपरा और 226 टन बॉल खोपरा शामिल है. सरकार का मानना है कि इस फैसले से नारियल और तोतापुरी आम उगाने वाले किसानों को उचित कीमत मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी.

कुल 1,049 करोड़ रुपये होंगे खर्च

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि खोपरा की पूरी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर प्राइस सपोर्ट स्कीम  (PSS) के तहत की जाएगी. इस खरीद का कुल मूल्य 1,049 करोड़ रुपये से अधिक होगा. सरकार का कहना है कि इस फैसले से तमिलनाडु के खोपरा उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिलेगा. बाजार में कीमतें गिरने की स्थिति में भी किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर फसल नहीं बेचनी पड़ेगी.

96,879 टन तोतापुरी आम की होगी खरीद

एमएसपी पर सरकारी खरीद की व्यवस्था से किसानों की आय को सुरक्षा मिलेगी और उनका भरोसा भी बढ़ेगा कि जरूरत पड़ने पर सरकार तय समर्थन मूल्य पर उनकी उपज खरीदेगी. खास बात यह है कि केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के किसानों से 96,879 टन तोतापुरी आम की खरीद को भी मंजूरी दे दी है. यह खरीद 2026 के दौरान मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (MIS) के तहत की जाएगी.

तोतापुरी आम का रेट 1,545 रुपये प्रति क्विंटल

सरकार ने तोतापुरी आम के लिए मार्केट इंटरवेंशन प्राइस (MIP) 1,545 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. इसका उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाना और बाजार में कीमतें गिरने पर होने वाले नुकसान से बचाना है. सरकार का कहना है कि इस फैसले से तोतापुरी आम उगाने वाले किसानों को अपनी फसल का बेहतर मूल्य मिलेगा. साथ ही बाजार में कीमतों में अचानक गिरावट आने पर भी उन्हें नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा. इस सरकारी खरीद से आम की कीमतों में स्थिरता आएगी, किसानों की आय सुरक्षित रहेगी और उन्हें अपनी उपज का बेहतर लाभ मिल सकेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 9 Jul, 2026 | 07:57 AM

लेटेस्ट न्यूज़