Paddy Bonus: धान किसानों को 3100 रुपये का भाव दे रही सरकार, बोनस राशि के लिए 10 हजार करोड़ मंजूर

Paddy Price: छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने अहम फैसला लेते हुए धान किसानों को 731 रुपये प्रति क्विंटल बोनस के रूप में अतिरिक्त भाव देने को मंजूरी दी है. इसके तहत लाभार्थी किसानों के खातों में डीबीटी के जरिए सीधे राशि जारी की जाएगी. राज्य सरकार ने एमएसपी पर धान खरीद की है, लेकिन अब किसानों को बोनस राशि देने के लिए फंड मंजूर किया गया है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 11 Feb, 2026 | 08:40 PM

Chhattishgarh Paddy Bonus Approved: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धान किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि धान किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से राशि जारी की जाएगी. न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी गई धान के लिए किसानों को 731 रुपये बोनस के रूप में दिए जा रहे हैं, जिसके तहत राज्य सरकार अब यह राशि जारी करने जा रही है. उन्होंने कहा कि किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत यह राशि दी जाएगी. यह पैसा उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने धान बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन कराए थे. सरकार के इस फैसले का फायदा राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा.

धान किसानों को 731 रुपये प्रति क्विंटल बोनस मिलेगा

छत्तीसगढ़ कैबिनेट ने अहम फैसला लेते हुए धान किसानों को कम भाव मिलने से हुए नुकसान की भरपाई को मंजूरी दी है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में धान किसानों को अंतर राशि देने को स्वीकृति दी गई है. राज्य सरकार ने किसानों की धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल का भाव तय किया है, लेकिन केंद्र सरकार ने  धान का एमएसपी 2369 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. ऐसे में राज्य सरकार 731 रुपये का अंतर बोनस के रूप में किसानों को जारी करेगी.

कैबिनेट ने धान किसानों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये मंजूरी किए

कैबिनेट ने राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से अंतर की राशि एकमुश्त जारी करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. कैबिनेट फैसले में कहा गया कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान होली त्यौहार से पहले एकमुश्त किया जाएगा.

25 लाख से ज्यादा किसानों को मिलेगी राशि

कैबिनेट फैसले का फायदा राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों को मिलेगा. राज्य सरकार के अनुसार खरीफ मार्केटिंग सीजन 2025-26 में इन किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है. लेकिन, जिन किसानों को मंडियों या क्रय केंद्र पर कम मूल्य भुगतान किया गया है, उनके नुकसान की भरपाई के लिए किसानों प्रति किसान 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से जारी होगी.

25 हजार करोड़ रुपये जारी कर चुकी छत्तीसगढ़ सरकार

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से कृषक उन्नति योजना चलाई जा रही है और इसके तहत राज्य के किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है. बीते दो वर्षाें में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है. इस साल होली से पूर्व किसानों को 10 हजार करोड़ रूपए का भुगतान होने से यह राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये हो जाएगी.

हमारी सरकार किसानों की मेहनत का उचित मूल्य देती है- सीएम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज मंत्रिपरिषद में हमने एक महत्वपूर्ण और किसान-हितैषी निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार केवल धान की खरीदी नहीं करती, बल्कि किसानों के परिश्रम का उचित मूल्य सुनिश्चित करती है और उनके सम्मान की रक्षा को अपना दायित्व मानती है. उन्होंने कहा कि किसान हमारे प्रदेश की आत्मा हैं, हमारी अर्थव्यवस्था की नींव हैं. समृद्धि की हर हरियाली के पीछे उनका पसीना और परिश्रम है. खेतों में झुककर मेहनत करने वाले ये हाथ ही छत्तीसगढ़ के भविष्य को आकार देते हैं. अन्नदाता की खुशहाली ही हमारे प्रदेश की सच्ची प्रगति है और उनका सम्मान ही हमारी सरकार का सर्वोच्च संकल्प है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 11 Feb, 2026 | 08:28 PM

कच्चे आम का खट्टापन किस कारण होता है?