बोनस देने के ऐलान के बाद धान खरीद आज से शुरू, 783 केंद्रों पर धान से लदे ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसान

Jharkhand Paddy Bonus: राज्य कैबिनेट ने धान खरीद को लेकर अहम निर्णय लेते हुए राज्य के धान किसानों को बोनस देने को मंजूरी दी है. बता दें कि केंद्र सरकार ने धान के लिए एमएसपी 2369 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. इस हिसाब से राज्य के धान किसानों को एमएसपी से भी ज्यादा भाव मिलेगा.

नोएडा | Updated On: 15 Dec, 2025 | 12:03 PM

Jharkhand Paddy Purchase: झारखंड में आज 15 दिसंबर से धान की खरीद शुरू कर दी गई है. सुबह से ही सभी 783 खरीद केंद्रों किसानों की भीड़ देखी जा रही है. बोनस की घोषणा के बाद किसानों में अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है.  किसानों को धान की फसल के लिए एमएसपी से ज्यादा भाव दिया जा रहा है. राज्य सरकार ने किसानों को अधिकतम 78 घंटे यानी तीन दिन में उपज का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं. उपज का पैसा सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर किया जाएगा.

धान पर बोनस के साथ मिल रहा इतना भाव

राज्य कैबिनेट ने धान खरीद को लेकर अहम निर्णय लेते हुए राज्य के धान किसानों को बोनस देने को मंजूरी दी है. इसके तहत किसानों को 81 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है. किसानों को उनकी उपज का भाव 2450 रुपये देने का निर्णय लिया गया है. बता दें कि केंद्र सरकार ने धान के लिए एमएसपी 2369 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. इस हिसाब से राज्य के धान किसानों को एमएसपी से भी ज्यादा भाव मिलेगा.

60 लाख मीट्रिक टन खरीद का टारगेट

झारखंड कैबिनेट ने 15 दिसंबर से धान खरीदने को मंजूरी दी है. इसके चलते खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस सीजन 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का टारगेट रखा है. इसके लिए राज्यभर में 783 से ज्यादा खरीद केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, बैठने समेत तुलाई आदि की समुचित व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही इलेक्ट्रिक तुलाई की व्यवस्था के साथ ही भुगतान 48 से 78 घंटे में करने के निर्देश दिए गए हैं.

विधायकों की निगरानी में केंद्रों पर फसल खरीद शुरू

झारखंड में धान खरीद का 15 दिसंबर से शुरु हो रही है. राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि खरीद को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है. उन्होंने सभी विधायकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के धान खरीद केन्द्र का उत्सवी माहौल में उद्घाटन करें. मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है. विधायक यह देखें कि उनके इलाके के खरीद केंद्रों पर सही से तुलाई आदि कार्य चलता रहे.

2.5 लाख से ज्यादा किसानों ने कराया पंजीकरण

खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के ई-उपार्जन पोर्टल के अनुसार करीब 60 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य रखा है. किसानों को बिक्री में दिक्कत न हो इसके लिए रजिस्ट्रेशन करने को कहा गया था, जिसके तहत ढाई लाख से ज्यादा किसानों ने अपनी उपज बिक्री करने के लिए पंजीकरण कराया है. इस बार अच्छी मॉनसूनी बारिश के चलते राज्य में अच्छी धान की पैदावार दर्ज की गई है.

Published: 15 Dec, 2025 | 12:00 PM

Topics: