तमिलनाडु के किसानों के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए 75 हजार रुपये तक के कर्ज की पूर्ण माफी का ऐलान कर दिया है. किसानों की मदद के लिए राज्य सरकार ने 953 करोड़ रुपये अतिरिक्त मदद की व्यवस्था की है. मुख्यमंत्री ने विधानसभा में यह ऐलान किया है और कहा कि उनकी सरकार ने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया गया है और किया जा रहा है.
75 हजार रुपये कृषि लोन माफ करने का ऐलान
तमिलनाडु में टीवीके सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने किसानों की पूर्ण कर्जमाफी का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने 75,000 रुपये तक के कृषि लोन पर पूरी छूट की घोषणा की है. उन्होंने 75,000 रुपये से एक लाख रुपये तक के लोन पर भी 75,000 रुपये तक की छूट की घोषणा की.
किसानों को 953.06 करोड़ की अतिरिक्त मदद देगी
मुख्यमंत्री ने इस कदम की घोषणा करते हुए कहा कि पैसे की तंगी के बावजूद TVK सरकार किसानों को 953.06 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मदद देगी. विधानसभा में बोलते हुए विजय ने कहा कि तमिलनाडु सरकार ने पहले मई में पदभार संभालने के 15 दिनों के अंदर 50,000 रुपये तक के खेती के लोन माफ कर दिए थे.
14 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
PTI के अनुसार बाद में इसे बढ़ाकर 75,000 रुपये तक के लोन पर पूरी छूट और 75,000 रुपये से ज्यादा के लोन पर 35,000 रुपये की छूट दी गई. सरकार की इस घोषणा से राज्य के 14.44 लाख से ज्यादा किसानों को फायदा हुआ है.
कोऑपरेटिव कृषि लोन पर मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री के अनुसार 75,000 रुपये तक के कोऑपरेटिव कृषि लोन पर अब 100 परसेंट छूट दी जाएगी, 75,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक के लोन पर 75,000 रुपये तक की छूट मिलेगी, और 1 लाख रुपये से ज्यादा के लोन पर ज्यादा ज्यादा 35,000 रुपये की छूट मिलेगी.