गर्मियों में भी बाल्टी भर दूध पाएंगे…बस अपनाएं ये आसान टिप्स, गाय-भैंस रहेंगी स्वस्थ और उत्पादन बढ़ेगा

गर्मी के मौसम में गाय-भैंसों का दूध उत्पादन कम होना आम बात है, लेकिन सही आहार और देखभाल से इसे बढ़ाया जा सकता है. मिनरल मिक्सचर, हरा चारा और ठंडा वातावरण पशुओं को स्वस्थ रखते हैं. छोटे-छोटे उपाय अपनाकर पशुपालक गर्मियों में भी अच्छा उत्पादन और मुनाफा पा सकते हैं.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 21 Mar, 2026 | 06:00 AM

Animal Husbandry: गर्मी का मौसम शुरू होते ही जहां इंसानों की परेशानी बढ़ जाती है, वहीं पशुपालकों के लिए भी यह समय चुनौती भरा होता है. तेज गर्मी का असर सीधे गाय-भैंसों पर पड़ता है, जिससे उनका दूध उत्पादन कम हो जाता है. ऐसे में कई लोग सोचते हैं कि आखिर क्या किया जाए जिससे दूध कम न हो. पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम (KVK Noida) के अनुसार, अगर सही आहार और देखभाल पर ध्यान दिया जाए तो गर्मियों में भी पशुओं से अच्छा दूध उत्पादन लिया जा सकता है.

मिनरल मिक्सचर से बढ़ेगा दूध और ताकत

पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम (KVK Noida)के अनुसार, गर्मी के मौसम में पशुओं के शरीर में जरूरी खनिज तत्वों  की कमी हो जाती है, जिससे दूध उत्पादन पर असर पड़ता है. विशेषज्ञों का कहना है कि रोजाना 50 से 100 ग्राम तक अच्छा मिनरल मिक्सचर देने से यह कमी पूरी की जा सकती है. मिनरल मिक्सचर से न सिर्फ दूध की मात्रा बढ़ती है, बल्कि दूध में फैट की मात्रा भी बेहतर होती है. साथ ही इससे पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, जिससे वे गर्मी में कम बीमार पड़ते हैं.

हरा चारा और पौष्टिक आहार है जरूरी

सिर्फ सूखा चारा खिलाने से दूध उत्पादन  घट सकता है. इसलिए पशुओं को हरे चारे की पर्याप्त मात्रा देना जरूरी है. आहार में करीब 70 से 75 प्रतिशत तक हरा चारा शामिल करना चाहिए. इसके साथ ही चोकर, दर्रा और सरसों की खली भी खिलानी चाहिए. सरसों की खली में प्रोटीन और वसा भरपूर होता है, जिससे पशुओं को ऊर्जा मिलती है और दूध उत्पादन बना रहता है.

दूध अचानक कम हो तो अपनाएं ये उपाय

अगर गाय या भैंस अचानक दूध कम देने लगे, तो घबराने की जरूरत नहीं है. ऐसे समय में आटा और सरसों की खली का मिश्रण  खिलाना फायदेमंद होता है. इस मिश्रण में मौजूद पोषक तत्व पशुओं को ताकत देते हैं और दूध उत्पादन को फिर से बढ़ाने में मदद करते हैं. यह एक आसान और सस्ता उपाय है, जिसे किसान आसानी से अपना सकते हैं.

गर्मी से बचाव भी उतना ही जरूरी

गर्मी में सिर्फ अच्छा खाना देना ही काफी नहीं है, बल्कि पशुओं को गर्मी  से बचाना भी जरूरी है. उन्हें ठंडी और हवादार जगह पर रखना चाहिए. शेड में पानी का छिड़काव, फॉगिंग या कूलर जैसी सुविधाएं भी मदद कर सकती हैं. साथ ही दिन में कई बार साफ और ठंडा पानी पिलाना जरूरी है. अगर पशुपालक इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें, तो गर्मियों में भी दूध उत्पादन अच्छा बना रहेगा और पशु स्वस्थ रहेंगे. इससे किसानों की आमदनी पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा और डेयरी बिजनेस में मुनाफा बढ़ेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Mar, 2026 | 06:00 AM

लेटेस्ट न्यूज़